ग्वालियरताजा खबरमध्य प्रदेश

ग्वालियर : BJP ऑफिस के सामने फायरिंग, आपस में भिड़े भाजपा कार्यकर्ता, कंधे में गोली लगने से एक युवक घायल, आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर। रविवार को भाजपा के संभागीय कार्यालय मुखर्जी भवन के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मामला इतना बढ़ गया कि एक गुट ने दूसरे पर पिस्टल से फायर कर दिया। इस घटना में एक युवक कंधे के ऊपर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस ने मौके से ही हमलावर को गिरफ्तार कर लिया।

लोकसभा प्रत्याशी भारत सिंह के समर्थक हैं दोनों कार्यकर्ता

बीजेपी ने ग्वालियर लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए गए भारत सिंह कुशवाह के स्वागत के लिए भाजपा कार्यालय में एक कार्यक्रम रखा था। वे दोपहर में कार्यकर्ताओं से मिलने मुखर्जी भवन पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे जैसे ही रवाना हुए, वैसे ही मुखर्जी भवन के सामने ही दो गुटों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रुस्तम सिंह नामक एक युवक ने धर्मेंद्र गुर्जर पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि दोंनों के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश है। आज वे एक-दूसरे के आमने-सामने हो गए। मारपीट के इस घटनाक्रम का लोगों ने वीडियो बना लिया।

पुलिस ने मौके से आरोपी को किया अरेस्ट

घटनास्थल से चंद कदम दूरी पर ही जनकगंज थाना पुलिस की चौकी है। गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिंग करने के आरोपी रुस्तम सिंह गुर्जर को हिरासत में ले लिया। उसके पास से पिस्टल भी बरामद की गई है। इधर, इस घटना में घायल धर्मेन्द्र को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि पिस्टल का लाइसेंस नहीं है और घायल के बयान लेने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें-उज्जैन में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : MP में 10000 करोड़ रुपए के निवेश पर सहमति बनी, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार; CM ने किया पीएम श्री एयर एंबुलेंस का उद्घाटन

संबंधित खबरें...

Back to top button