
कराची। पाकिस्तान के कराची में शुक्रवार रात पुलिस मुख्यालय में आतंकियों ने जमकर फायरिंग की। अचानक फायरिंग होने से पुलिसकर्मी भी समझ नहीं पाए कि गोलियां कहां से बरस रही हैं। ताबड़तोड़ फायरिंग से कुछ लोग भी गोलियों का शिकार हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिसकमर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग शुरू की। यह मुठभेड़ करीब चार घंटे तक चली। मुठभेड़ में पांच आतंकी मारे गए, जबकि इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस की वर्दी में पहुंचे थे आतंकी
बताया जा रहा है कि ये आतंकी पुलिस की वर्दी में तकरीबन 7 बजे पुलिस मुख्यालय में घुसे थे। करीब आठ से 10 आतंकियों ने कुछ ही देर में कराची के बीचोंबीच स्थित पुलिस मुख्यालय में दहशत फैला दी। इसके बाद, पूरे मुख्यालय को घेर लिया गया और मुख्यालय के नजदीक की सड़कों पर ट्रैफिक बंद कर दिया। चार घंटे तक यहां आतंकियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ से दहशत फैली रही। टीटीपी ने महीने पेशावर पुलिस लाइन स्थित मस्जिद पर भी आत्मघाती हमला किया था। इस घटना में करीब 100 पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की मौत हुई थी।