ताजा खबरराष्ट्रीय

King Charles : ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स को हुआ कैंसर, PM मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना; बकिंघम पैलेस में ही डॉक्टरों ने शुरू किया इलाज

नई दिल्ली। ब्रिटेन के महाराजा किंग चार्ल्स को कैंसर हुआ है। बकिंघम पैलेस ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। पैलेस ने अपने बयान में कहा, 75 साल के किंग चार्ल्स के बढ़े हुए प्रोस्टेट के इलाज के दौरान उनको कैंसर होने का पता चला है। बयान में ये नहीं बताया गया है कि किंग चार्ल्स को किस तरह का कैंसर है और शरीर के किस हिस्से में है। पैलेस ने यह भी कहा कि किंग चार्ल्स अपने ट्रीटमेंट को लेकर बेहद सकारात्मक हैं। वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है।

बकिंघम पैलेस ने दी जानकारी

पैलेस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, किंग चार्ल्स की सभी पब्लिक मीटिंग्स को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। 75 साल के किंग चार्ल्स पिछले महीने ही तीन दिन के लिए अस्पताल में भर्ती थे। उनका प्रोस्टेट का ऑपरेशन हुआ था। उस समय उनके शरीर में किसी अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई दिए थे, जिनकी जांच में पता चला कि उन्हें कैंसर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर ट्वीट कर उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने लिखा कि, मैं सभी देशवासियों के साथ किंग चार्ल्स III के जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे किंग चार्ल्स

पैलेस के जारी बयान के अनुसार, किंग चार्ल्स ने सोमवार को ही कैंसर का ट्रीटमेंट शुरू करवाया है। लेकिन वे हेड ऑफ स्टेट के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। वे अपने सभी प्राइवेट मीटिंग्स को जारी रखेंगे।

Britain King Harry With Wife

पिता से मिलने जाएंगे प्रिंस हैरी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिता को कैंसर होने की जानकारी मिलने के बाद वे उनसे मिलने के लिए ब्रिटेन आ सकते हैं। फिलहाल हैरी अपनी पत्नी मेगन मार्कल के साथ अमेरिका में रह रहे हैं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने जाना हाल

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘ मैं किंग चार्ल्स के पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुझे यकीन है कि वह जल्दी ही ठीक हो जाएंगे और पूरी ताकत के साथ वापस आएंगे। मैं ये भी जानता हूं कि पूरा देश उन्हें ठीक होने की शुभकामनाएं भेज रहा होगा।’

King Chalres

साल 2022 में ब्रिटेन के महाराजा बने थे चार्ल्स

8 नवंबर 2022 को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ का 96 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद चार्ल्स ब्रिटेन के महाराजा बने थे। उनकी ताजपोशी 6 मई 2023 को हुई थी। जिसके बाद किंग चार्ल्स ब्रिटेन के अब तक के सबसे बुजुर्ग राजा बने।

विपक्ष ने भी की जल्द ठीक होने की प्रार्थना

ब्रिटेन की विपक्षी पार्टी ने भी उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है। लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने कहा, लेबर पार्टी की ओर से, मैं महामहिम को जल्द ठीक होने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। हम उन्हें शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य में वापस देखने की आशा करते हैं।

ये भी पढ़ें – AAP के खिलाफ ED का एक्शन : केजरीवाल के पर्सनल सेक्रेटरी से लेकर एमपी एनडी गुप्ता सहित 10 ठिकानों पर छापेमारी, आतिशी बोलीं- ईडी की जांच में घोटाला है

संबंधित खबरें...

Back to top button