
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों से पहले गुरुवार (23 मार्च) को पार्टी के भीतर बड़े बदलाव किए। भाजपा ने बिहार, दिल्ली, राजस्थान और उडीसा मे भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों को बदला है। यह फैसला बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा लिया गया है। राजस्थान में 2023 में विधानसभा चुनाव होना है। वहीं ओडिशा में 2024 और दिल्ली, बिहार में 2025 में विधानसभा चुनाव होंगे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान की कमान सीपी जोशी को सौंपी है। ओडिशा में मनमोहन सामल, दिल्ली में वीरेंद्र सचदेव और बिहार में सम्राट चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया है।
BJP national president JP Nadda appointed CP Joshi as party State President of Rajasthan, Manmohan Samal as Odisha's party State President and Virendra Sachdeva as Delhi BJP State President. pic.twitter.com/LtfxGD6bw8
— ANI (@ANI) March 23, 2023
पूनिया की जगह जोशी को जिम्मेदारी
भाजपा ने राजस्थान में सतीश पूनिया की जगह चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। चंद्र प्रकाश जोशी चित्तौड़गढ़ से दो बार लोकसभा पहुंचे हैं, वह पहले 2014 में फिर 2019 में इस सीट से चुनाव जीते। ऐसा माना जा रहा है कि राजस्थान में आगामी चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने प्रदेश के ब्राह्मण समाज को साधने के लिए ये अहम फैसला लिया है। जोशी बीजेवाईएम के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
बिहार में संजय की जगह सम्राट को जिम्मेदारी
बिहार में संजय जायसवाल की जगह बीजेपी ने सम्राट चौधरी को कमान सौंपी गई है। सम्राट चौधरी कुशवाहा समाज से आते हैं और बिहार सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके हैं। उनकी राजनीतिक पारी की शुरुआत आरजेडी से हुई और फिर जेडीयू से होते हुए वो बीजेपी में आए। सम्राट चौधरी उस समय विवादों में आए थे, जब लालू यादव की कैबिनेट में सबसे कम उम्र के मंत्री बन गए थे, फिर उन्हें हटाया गया था।
दिल्ली में ढाई महीने से खाली था पद
भाजपा ने ढाई महीने से ज्यादा के इंतजार के बाद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी ने कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को स्थायी अध्यक्ष बनाया है। वह काफी 90 के दशक से ही राजनीति में एक्टिव हैं और बीजेपी में ही कई पदों पर रह चुके हैं। दिल्ली नगर निगम चुनाव में हार के बाद आदेश गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।
ओडिशा में समीर की जगह मनमोहन को जिम्मेदारी
बीजेपी ने ओडिशा में समीर मोहंती की जगह मनमोहन सामल को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। समीर मोहंती का कार्यकाल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पूरा हो चुका है। मनमोहन सामल ओडिशा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।