अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

बुलंदशहर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से हुआ घायल

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जनपद की सलेमपुर पुलिस और एसटीएफ नोएडा की चिट्ठा गेट के पास रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के श्लोक कुमार ने बताया कि, एसटीएफ टीम गौतमबुद्धनगर व थाना सलेमपुर पुलिस एक सूचना के आधार पर धतूरी बॉर्डर पर सुबह तड़के संदिग्ध वाहन/व्यक्तियों की चैकिंग कर रही थी, उसी समय बुलंदशहर की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी, जिसको रूकने का इशारा किया गया तो बदमाश तेज रफ्तार से बैरियर को टक्कर मारता हुआ सलेमपुर की तरफ भागने लगा। एसटीएफ व थाना पुलिस द्वारा बदमाश की कार का पीछा किया गया तो ग्राम चिट्टा गेट के पास उसकी कार बाउण्ड्री वाल से टकरा गई। जिस पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान धर्मेन्द्र पुत्र देशराज ग्राम छायसा जनपद फरीदाबाद हरियाणा के रूप में हुई हैं। जिसको उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का बदमाश हैं जिसने अपने साथियो के साथ मिलकर 19- नवंबर 2023 की रात्रि में निभैडा के जंगल में ले जाकर सागर की हत्या कर दी थी। जिसके संबंध में थाना सलेमपुर पर धारा 364/302/201/120बी/34 भादवि पंजीकृत है। जिसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर द्वारा 25,000 रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था तथा धर्मेंद्र का आपराधिक इतिहास है।

आज की अन्य खबरें भी पढ़ें…

छत्तीसगढ़ में ट्रक की चपेट में आने से कार सवार दूल्हा, दुल्हन समेत पांच बारातियों की मौत

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में रविवार को एक ट्रक की चपेट में आकर कार सवार नवविवाहित जोड़े समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पकरिया झूलन गांव के पास तड़के हुई जब पीड़ित विवाह के बाद शिवरीनारायण कस्बे से बलौदा लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिले के बलौदा गांव निवासी शुभम सोनी की शादी शनिवार की रात शिवरीनारायण कस्बे में हुई थी। जब दूल्हा, दुल्हन और परिवार के तीन अन्य सदस्य अपनी कार में बलौदा लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से उनकी टक्कर हो गई, जिससे दुल्हन समेत कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि, गंभीर रूप से घायल दूल्हे को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे के पिता ओमप्रकाश सोनी भी शामिल हैं, जो कार चला रहे थे। ट्रक चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जो अपना वाहन छोड़कर मौके से भाग गया है।

मध्य टेनेसी में भीषण तूफान के कारण छह लोगों की मौत

नैशविले। अमेरिका के मध्य टेनेसी में आए भीषण तूफान की चपेट में आने से शनिवार को छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। तूफान के कारण कई शहरों में घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। मॉन्टगोमेरी काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि, काउंटी में तूफान की चपेट में आने से एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। नैशविले आपात अभियान केंद्र ने बताया कि वहां भीषण तूफान से तीन लोगों की मौत हो गई। घायलों का अस्पतालों में इलाज किया गया। क्लार्क्सविले के मेयर जो पिट्स ने एक बयान में कहा, ‘‘यह दुखद खबर है और आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। दुख की घड़ी में हम उनकी मदद के लिए तैयार हैं।”

दक्षिणी चीन में वर्कशॉप ढहने से छह लोगों की मौत, तीन घायल

बीजिंग। दक्षिणी चीन में इस्पात की चादरों से बनी एक वर्कशॉप ढह गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, गुइझोऊ प्रांत में शनिवार को हुई इस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चीन में इमारतों का ढहना असामान्य बात नहीं है। आवश्यक अनुमति लिए बिना गैरकानूनी रूप से बनाई गई इमारतों के निर्माण में सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किए जाने के कारण देश में इस प्रकार के हादसे होना आम बात हो गई है। मध्य चीन में अप्रैल 2022 में एक इमारत के ढह जाने से 53 लोगों की मौत हो गई थी।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button