
बेंगलुरु। इंडिगो के विमान में एक यात्री द्वारा प्लेन का इमरजेंसी गेट खोलने के मामले की चर्चा पूरे देश में है। यह घटना 10 दिसंबर 2022 की बताई जा रही है। जिस दिन घटना हुई, इंडिगो का यह विमान चेन्नई से तिरुचिरापल्ली जा रहा था। डीजीसीए ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच मामले में सियासी रंग भी आ गया। बताया जा रहा है कि प्लेन का इमरजेंसी डोर भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने खोला था। इसके बाद कांग्रेस, AIMIM और तृणमूल कांग्रेस ने मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला।
DGCA के DG ने कही ये बात
घटना को लेकर डीजीसीए के डीजी ने कहा कि सामने आया है कि तमिलनाडु के BJP प्रमुख अन्नामलाई, डीएमके के प्रवक्ता बीटी अर्सकुमार और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या विमान में सवार थे। डीएमके प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है कि अन्नामलाई और उनके साथ कर्नाटक के एक सांसद इस विमान में थे। घटना के बाद उन्हें विमान से उतरने को कहा गया।
विपक्ष ने कसे तंज
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ट्विटर पर लिखा- ये BJP के वीआईपी बिगडैल हैं। एयरलाइन को कम्पलेन करने की हिम्मत कैसे हुई। क्या पावर एलीट का यही रवैया बन गया है। क्या इससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हुई? ओह! आप बीजेपी के VIP से सवाल नहीं पूछ सकते हैं।
तूणमूल कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या की गैरजिम्मेदारी से यात्रियों की जान पर बन सकती थी। टीएमसी का दावा है कि प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि सूर्या ने ही 10 दिसंबर 2022 को इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी एग्जिट का दरवाजा खोला था। इसके बाद भी डीजीसीए कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
AIMIM सांसद असद्द्दीन ओवैसी ने कहा कि अगर आपके पास संस्कारी नाम है तो यह आकस्मिक है, अगर नाम अब्दुल है तो आकाश ही सीमा है। कृपया अपनी सीट बेल्ट हमेशा लगाकर रखें। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने तंज कसा- सुरक्षित टेक-ऑफ और लेंडिंग के लिए हमेशा कांग्रेस के साथ उड़ें।
यह भी पढ़ें IndiGo की फ्लाइट में यात्री ने खोला इमरजेंसी गेट, 2 घंटे डिले; DGCA ने दिए जांच के आदेश