
मुरैना के लेपा गांव में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपियों का पुलिस द्वारा शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है। दरअसल, गिरफ्तारी के समय पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस को गोली चलानी पड़ी। पैर में गोली लगने से मुख्य आरोपी अजीत गंभीर घायल हो गया है। साथ ही आरोपी भूपेंद्र के सिर में मामूली चोट आई है। फिलहाल, दोनों आरोपियों को इलाज के लिए मुरैना के निजी अस्पताल लाया गया है। यह पूरी घटना मंगलवार सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। आरोपियों से 315 बोर की बंदूक भी बरामद की गई है।
पहले आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग
मुरैना पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया है कि बीती रात मुखबिर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों मुख्य आरोपी का महुआ थाना इलाके की उसेद घाट के पास मूवमेंट देखा गया। यह दोनों आरोपी नदी किनारे होते हुए बाहर निकलने की प्लानिंग में थे। जिसके बाद पुलिस की टीम ने इन दोनों को चारों तरफ से घेर लिया और सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन इसके जवाब में इन दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। उसके जवाब में पुलिस ने भी दोनों पर फायरिंग की। जिसमें से मुख्य आरोपी अजीत सिंह के पैर गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया और उसके बाद इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुरैना : लेपा गांव में 6 लोगों हत्या के आरोपियों का शार्ट एनकाउंटर, दोनों आरोपियों अजीत और भूपेंद्र के पैर में गोली लगी,भिंड जिले की सीमा पर हुआ एनकाउंटर#MorenaMurderCase
#PeoplesUpdate #MPNews #Encounter pic.twitter.com/18eW4si7S2— Peoples Samachar (@psamachar1) May 9, 2023
फरार आरोपियों पर घोषित था ईनाम
मुरैना एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि विगत 5 मई की सुबह सिहोनिया थाना क्षेत्र के लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते नामजद आरोपियों ने लाठी-फरसे तथा रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए 6 लोगों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना के तत्काल बाद मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में वायरल वीडियो के आधार पर रविवार को पुष्पा नाम की महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को राजस्थान के रींगस से आरोपी सोनू तोमर को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार 7 आरोपियों के सिर पर आईजी चंबल रेंज की ओर से 30-30 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने अभी तक लेपा हत्याकांड के 6 आरोपी पकड़ लिए हैं, बाकी फरार 4 आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें- मुरैना : लेपा गांव में खूनी संघर्ष, पुरानी रंजिश में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या; तीन की हालत गंभीर