मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे के पति सैम बॉम्बे को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूनम ने अपने पति सैम पर मारपीट का आरोप लगाया है। जिसके बाद अदालत ने उसे तीन दिन की हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद पूनम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पूनम के चेहरे पर आईं चोटें
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने कहा कि ‘सैम बॉम्बे पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक्ट्रेस के सिर, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।‘ पूनम और सैम के बीच हुए विवाद के बारे में अभी ज्यादा जानकारी का पता नहीं चला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी के तुरंत बाद दोनों के बीच आई दरार
पूनम पांडे ने अपने बॉयफ्रेंड सैम बॉम्बे संग लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद गुपचुप शादी रचाई थी। दोनों बीते साल 10 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के कुछ ही दिन बाद पूनम ने सैम पर शारीरिक उत्पीड़न, धमकी देने और मारपीट के आरोप लगाए थे। उन्होंने गोवा में एक शिकायत दर्ज कराई थी और कहा था कि सैम ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और धमकी दी।
इस घटना ने हर किसी को चौंका कर रखा दिया था क्योंकि महज शादी के 12 दिन बाद दोनों के बीच दरार की खबरें आने लगी थीं। इस दौरान भी पुलिस ने सैम को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, सैम को कुछ समय बाद जमानत मिल गई थी। उस वक्त पूनम ने कहा था कि वह यह शादी खत्म करना चाहती हैं।