
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। उत्तर भारत की ओर से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ग्वालियर-चंबल अंचल सहित पूरा प्रदेश जबर्दस्त ठंड की गिरफ्त में है। ग्वालियर में रात का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित
प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना और शिवपुरी जिलों के कलेक्टर्स ने अपने-अपने जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। मंगलवार की शाम जारी आदेश में ग्वालियर कलेक्टर ने कहा कि 5 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान होने और शीतलहर चलने के कारण बच्चों की सेहत पर असर हो सकता है इसे ध्यान में रखते हुए कक्षा 5 तक की कक्षाएं 7 जनवरी तक नहीं लगेंगी, शेष सभी स्कूल पूर्व के आदेश के तहत सुबह 9:30 से पहले नहीं लगेंगे।
मुरैना कलेक्टर ने अपने आदेश में जिले में संचालित कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है , ये अवकाश 7 जनवरी तक होगा, शिक्षक समय पर स्कूल आएंगे लेकिन कक्षाएं नहीं लगेंगी, ये आदेश शासकीय स्कूलों के साथ साथ सभी तरह के प्राइवेट स्कूलों पर प्रभावी होगा।
भिंड जिले के कलेक्टर ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की है, अपने आदेश में भिंड कलेक्टर ने कहा कि 4 जनवरी से 7 जनवरी तक जिले में संचालित कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे, इस आदेश का पालन सभी तरह के विद्यालयों को करना होगा। इसके साथ ही शिवपुरी कलेक्टर ने भी 7 जनवरी तक कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा
जिले | तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
गुना | 5.7 |
राजगढ़ | 6 |
रतलाम | 6.5 |
सागर | 7 |
इंदौर | 7.3 |
भोपाल | 7.4 |
रायसेन | 7.4 |
नौगांव | 7.5 |
धार | 7.7 |
पचमढ़ी | 8 |
खजुराहो | 8 |
उज्जैन | 8 |
उमरिया | 8.3 |
नरसिंहपुर | 8.4 |
दमोह | 9 |
सिवनी | 9 |
बैतूल | 9.5 |
रीवा | 9.5 |
जबलपुर | 9.9 |
जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी हवा का असर और बढ़ेगा। इससे रात में सर्दी और बढ़ेगी। शीतलहर चलने की संभावना है। अंचल में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। अगले तीन दिन तक दिन में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। प्रदेश भर में सुबह और शाम को कोहरा रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो ग्वालियर में दिल्ली की तरह रात की सर्दी रहेगी। बुधवार शाम से मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं। खंडवा, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर और शहडोल के आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। इंदौर और भोपाल में भी इसकी असर नजर आने लगेगा।
इन जिलों में बदली स्कूल टाइमिंग
भोपाल समेत कई जिलों में स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया गया है। भोपाल के सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूल और आंगनबाड़ी सुबह 9.30 बजे से शुरू होंगे। जबलपुर में भी सभी स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है। उमरिया में भी ठंड को देखते हुए स्कूलों का टाइम 7:00 बजे से बढ़ाकर 9:00 बजे कर दिया गया है। सागर में सुबह 9.30 बजे स्कूल लगेंगे। इसके अलावा रीवा में 5वीं क्लास तक के स्कूल सुबह 10.30 बजे से लगेंगे। बता दें कि भिंड में एक हफ्ते पहले ही स्कूल टाइम सुबह 10.30 बजे किया जा चुका है।सीधी, सतना और विदिशा में भी नर्सरी से 5वीं क्लास तक के स्कूलों का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया है। गुना में 12वीं तक के स्कूलों 9.30 बजे के बाद लगेंगे।