राष्ट्रीय

पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी की सुरक्षा में 2 बार चूक, एक ने जबरन गले लगाया… दूसरा सेल्फी लेने पहुंचा; देखें Video

पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मंगलवार को राहुल गांधी की सुरक्षा में 2 बार चूक हुई। होशियारपुर में पहले तो एक युवक भागते हुए आया और सुरक्षा घेरा तोड़कर जबरन राहुल के गले लग गया। हालांकि, उनके आस-पास मौजूद लोगों और सुरक्षाबल के जवानों ने युवक को तुरंत दूर कर दिया। वहीं टी-ब्रेक से पहले एक व्यक्ति राहुल के साथ फोटो खिंचवाने के लिए पहुंच गया। इस घटना के बाद राहुल गांधी की सुरक्षा पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। वीडियों में देखा जा सकता है कि, राहुल गांधी चल रहे हैं उसी दौरान एक शख्स भागता हुआ उनके पास आ जाता और उन्हें गले लगाने की कोशिश करता है। जिसके बाद सुरक्षाकर्मी उसे पकड़ कर दूर कर देते हैं। वीडियो में उस शख्स को पहले राहुल हटाते हैं और फिर सुरक्षाकर्मी उसे हटा देते हैं।

केसरी कपड़ा बांधे करीब आया युवक

इसके बाद बस्सी गांव में टी-ब्रेक से पहले एक युवक सिर पर केसरी कपड़ा बांधे हुए राहुल के करीब आ गया। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। ये दोनों घटनाएं 35 मिनट के भीतर हुईं। पंजाब में राहुल गांधी थ्री लेयर सुरक्षा में चल रहे हैं। सबसे बाहर पंजाब पुलिस का घेरा, उसके बाद पंजाब पुलिस व स्टेट CID की रस्सी के साथ घेरा और अंत में राहुल की सिक्योरिटी है।

राहुल ने कहा था- किसी का रिमोट कंट्रोल न बनें पंजाब के CM

होशियारपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब को पंजाब से ही चलाना चाहिए…. पंजाब को दिल्ली से नहीं चलाना चाहिए। मैं पंजाब के CM भगवंत मान से कहना चाहता हूं कि आपको केजरीवाल जी के दबाव में नहीं आना चाहिए। आपको स्वतंत्र रूप से यहां पर काम करना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि किसी का रिमोट कंट्रोल नहीं बनाना चाहिए।

बेरोजगारी, महंगाई और नफरत के खिलाफ शुरू की यात्रा : राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगे कहा कि ये जो महंगाई बढ़ती जा रही है इससे चोट किसान और मजदूर को लगती है, बेरोजगारी की चोट हिंदुस्तान के अरबपतियों के बच्चों को नहीं लगती बल्कि आम लोगों के बच्चों को लगती है। इसलिए हमने बेरोजगारी, महंगाई और नफरत के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि हम 19 जनवरी की दोपहर में जम्मू में प्रवेश करेंगे। इसके बाद 20 जनवरी को जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेंगे। जम्मू प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने 30 जनवरी के लिए 23 पार्टियों को भारत जोड़ो में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली से न चले पंजाब : CM भगवंत मान से राहुल गांधी बोले- आपको केजरीवाल के दबाव में नहीं आना चाहिए

7 सितंबर से शुरू हुई यात्रा… 30 जनवरी को समापन

‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर में यात्रा का समापन होगा। कश्मीर के लालचौक पर राहुल गांधी तिरंगा फहराकर यात्रा का समापन करेंगे। कांग्रेस की 3750 किमी की यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह दक्षिण में कन्याकुमारी से उत्तर में कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा के समापन को कांग्रेस विपक्षी एकता की ताकत दिखाना चाहती है, जिसके लिए समान विचारधारा वाले 21 दलों के नेताओं को न्योता भेजा गया है। हालांकि केसीआर से लेकर अरविंद केजरीवाल, एचडी देवगौड़ा और ओवैसी जैसे करीब 8 राजनीतिक दलों के नेताओं को नहीं बुलाया गया है।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, 26 जनवरी से 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। जो भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button