अंतर्राष्ट्रीय

World Earth Day : क्यों मनाया जाता है विश्व पृथ्वी दिवस, जानें इसका इतिहास और कुछ रोचक तथ्य

पृथ्वी और इसके वातावरण को संरक्षित करने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। पृथ्वी सभी जीवों के लिए जीवनदायिनी है। जीवन जीने के लिए जिन प्राकृतिक संसाधनों की जरूरत एक पेड़, एक जानवर या फिर एक इंसान को होती है, पृथ्वी वो सब हमें प्रदान करती है।

क्यों मनाया जाता है ?

विश्व पृथ्वी दिवस को मनाने का मकसद यही है कि लोग पृथ्वी के महत्‍व को समझें और पर्यावरण को बेहतर बनाए रखने के प्रति जागरूक हों। यही वजह है कि इस दिन पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी को बचाने का संकल्प लिया जाता है।

विश्व पृथ्वी दिवस का इतिहास ?

साल 1970 में विश्व पृथ्वी दिवस को मनाने की शुरुआत हुई थी। बता दें कि सबसे पहले अमेरिकी सीनेटर गेलॉर्ड नेल्सन ने पर्यावरण की शिक्षा के तौर पर इस दिन की शुरुआत की थी। एक साल पहले 1969 में कैलिफोर्निया के सांता बारबरा में तेल रिसाव की वजह से त्रासदी हो गई थी। इस हादसे में कई लोग आहत हुए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करने का फैसला किया। इसके बाद नेल्सन के आह्वान पर 22 अप्रैल को लगभग दो करोड़ अमेरिकियों ने पृथ्वी दिवस के पहले आयोजन में हिस्सा लिया था।

इस दिन का महत्व

पृथ्वी दिवस को जैव विविधता के नुकसान, बढ़ते प्रदूषण जैसे पर्यावरणीय मुद्दों को उजागर करने के लिए मनाया जाता है। इस दिन अर्थ डे ऑर्गेनाइजेशन (पूर्व में अर्थ डे नेटवर्क) द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें 193 देशों के 1 बिलियन से अधिक लोग शामिल हैं।

क्या है 2022 की थीम ?

विश्व पृथ्वी दिवस साल 2022 की थीम ‘Invest in Our Earth’ है। इस थीम का मतलब है कि हमारे पृथ्वी के लिए निवेश करें। इस थीम के जरिए पृथ्वी को बचाने के लिए नए तरीके खोजे और उसे लागू करें। साल 2021 की थीम ‘Restore Our Earth’ थी।

पृथ्वी से जुड़े रोचक तथ्य

  • सूर्य की एक परिक्रमा लगाने में पृथ्वी के द्वारा लगे समय को सौर वर्ष कहा जाता है।
  • पृथ्वी को ऊर्जा सूर्य से मिलती है और इसी ऊर्जा से पृथ्वी की सतह भी गरम होती है।
  • सूर्य की ऊर्जा का कुछ भाग पृथ्वी और समुद्र की सतह से टकराकर वायुमंडल में बदल जाता है।
  • सूर्य से पृथ्वी तक प्रकाश पहुंचने में 8 मिनट 18 सेकंड लगते हैं।
  • पृथ्वी आकार में पांचवां सबसे बड़ा ग्रह है।
  • आकार और बनावट के मामले में पृथ्वी शुक्र की तरह है।
  • पृथ्वी का एकमात्र उपग्रह चंद्रमा है।
  • पृथ्वी अपने अक्ष पर 23 घंटे 56 मिनट और 4 सेकेंड में एक चक्कर पूरा करती है, जिससे दिन और रात होते हैं।
  • महासागर और महाद्विप पृथ्वी के सबसे ऊपरी सतह पर टिके हुए हैं।
  • पृथ्वी की पहली परत का निर्माण एल्युमिनियम और सिलिकॉन धातु से हुआ है।

अंतर्राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button