
जनवरी महीने के खत्म होने में महज चंद दिन ही बचे हैं, लेकिन फिर भी ठिठुरन जा नहीं रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में ऐसी ही ठंड पड़ती रहेगी। IMD ने दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों के लिए आज यानी 26 जनवरी को ‘कोल्ड डे’ का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज कड़ाके की ठंड
दिल्ली में आज कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से पहले ही कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हालांकि, दिन में आसमान के साफ रहने की उम्मीद है। इसके अलावा चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। पारा 10 डिग्री तक रहने का अनुमान है। देहरादून में भी न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
इन राज्यों में रहेगी कोल्ड डे की स्थिति
- मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों के दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कोल्ड डे रह सकता है।
- अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ती रहेगी। इन राज्यों में भी मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
- अगले 5 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर/गंभीर शीत लहर चलेगी।
- अगले 3-4 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान में काफी ठंड पड़ेगी।
आज कहां कितना रह सकता है तापमान?
जम्मू, लेह व श्रीनगर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू, लेह व श्रीनगर में ठंड हाड़ कंपा देगी। यहां पर पारा माइनस में जाने की उम्मीद है।
29 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ
उत्तर भारत में 29 जनवरी के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है जिसकी वजह से दोबारा बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 जनवरी, 2022 से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ आएगा जिसके प्रभाव के कारण पश्चिम हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी की संभावना है।