
ग्वालियर जिले में डबरा के पास झांसी-आगरा नेशनल हाईवे पर शनिवार को सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बोलेरो कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। शवों को पीएम के लिए भेजा। घायलों को डबरा सिविल अस्पताल में भर्ती किया, जहां से उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: गुना हत्याकांड : गार्ड ऑफ ऑनर के साथ आरक्षक को दी अंतिम विदाई, आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर

टक्कर में उड़े बोलेरो के परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो कार से चार लोग झांसी से ग्वालियर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बोलेरो को टक्कर मार दी। ये हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी स्थिति देखकर लग रहा था कि किसी भारी वाहन ने टक्कर मारी है। घटनास्थल से गुजर रहे वाहन चालकों ने घटना की जानकारी पुलिस पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में 2 की मौत, 2 घायल
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। जबकि, दो लोगों की हालत काफी गंभीर थी। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल डबरा पहुंचाया। वही शवों को पीएम के लिए पहुंचा दिया गया। इधर, घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया है।