भोपालमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

MP करेगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की मेजबानी, 7 हजार से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग; इन शहरों में होंगे आयोजन

भारत में साल 2018 में शुरू हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स के 5वें आयोजन की मेजबानी मध्य प्रदेश करेगा। आज दिल्ली में आयोजित खेल अलंकरण समारोह एवं खेलो इंडिया प्रोग्राम में सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। इस मौके पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की आधिकारिक घोषणा भी की गई।

खिलाड़ियों ने दी मलखंभ की प्रस्तुति

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रामाणिक, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया उपस्थित रहीं। इस दौरान खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की मशाल सीएम शिवराज सिंह चौहान को सौंपी गई। इस समारोह में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखंभ की अद्भुत प्रस्तुति दी, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा खूब सराहना मिली।

2018 से शुरू हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स

खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। अब तक दिल्ली, पुणे (महाराष्ट्र), गोवाहाटी (असम), एवं पंचकुला (हरियाणा) में इसका आयोजन हो चुका है। इस साल 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन मध्य प्रदेश में 31 जनवरी 2023 से 11 फरवरी 2023 तक होगा। ये आयोजन प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मंडला, महेश्वर एवं बालाघाट में किया जाएगा।

7 हजार से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे भाग

इस दौरान 30 खेलों में भाग लेने के लिए देशभर से 7 हजार से ज्यादा खिलाड़ी आएंगे। यह एक मल्टी स्पोर्ट्स इवेंट है। इसमें 22 साल से कम आयु के खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं। यूथ गेम्स ने हमारे देश को हिमा दास, सौरभ चौधरी, मेहुली घोष, मनु भाकर, उन्नति हुड्डा, आकर्षि कश्यप जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं।

सीएम बोले- मध्य प्रदेश अद्भुत है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि ये अवसर मध्य प्रदेश में खेलों की दिशा में एक क्रांति पैदा करेगा। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि वो इसे पर्यटन जलसा भी बनाएंगे। मध्य प्रदेश अद्भुत है। यहां वन संपदा, खनिज संपदा, टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। सांची, भीमबैठका, खजुराहो, ओरछा का मंदिर, भगवान श्री महाकाल का महाकाल लोक है। हम टाइगर स्टेट, लेपर्ड स्टेट और अब चीता स्टेट भी बन गए हैं।

ये भी पढ़ें: श्री महाकाल लोक के फेज-2 का भूमिपूजन : CM शिवराज ने मजदूरों-शिल्पकारों के साथ किया भोजन, देखें VIDEO

पंचायत से राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक जाते हैं खिलाड़ी

सीएम शिवराज ने कहा कि हमने मध्य प्रदेश में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के तमाम प्रयास किए हैं। खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम, कोचिंग की व्यवस्था, प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। हम ग्राम पंचायत स्तर पर भी खेलते हैं और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक भी जाते हैं। उन्होंने कहा कि हम बुजर्गों के लिए भी प्रतियोगिता का आयोजन करते हैं। 1 नवंबर से हमारे यहां मध्य प्रदेश दिवस मनाया जाएगा और सात दिन तक गांव-गांव में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

ये भी पढ़ें: एक्शन में CM शिवराज : इंदौर ADM पवन जैन को हटाया, दिव्यांग से दुर्व्यवहार का मामला

मलखंभ के ओवरऑल चैंपियन हैं हम : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि अब हर मां-बाप चाहते हैं कि उनके बेटा-बेटी भी खेलें और खेलों में भी आगे रहें। खेलों में भारत चमत्कार कर रहा है। मध्यप्रदेश में हम खेलों को प्रोत्साहित करने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। अब मध्य प्रदेश में 18 खेलों के लिए 11 खेल अकादमी स्थापित की गई हैं। हमारी अकादमी के बच्चे चमत्कार कर रहे हैं। राष्ट्रीय खेलों में इस बार 66 मेडल मध्य प्रदेश के खिलाड़ी जीत कर लाए हैं। मलखंभ के ओवरऑल चैंपियन हैं हम।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button