ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

मोदी-योगी की डिमांड; पीएम की 11वीं सभा 7 को, 4 सीटों पर उप्र के सीएम को बुलावा

मप्र में इलेक्शन कैंपेन: प्रचार में सभी स्टार प्रचारकों पर भारी दोनों नेता

भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की सर्वाधिक डिमांड बनी हुई है। प्रदेश की सभी सीटों पर उम्मीदवारों की पहली पसंद यही दो नेता हैं। उनके बाद अन्य नेताओं की मांग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अब तक 8 सीटों पर 9 चुनावी सभाएं व रोड शो हो चुके हैं। 7 मई को पीएम की दो सभाएं हैं, इस हिसाब से चौथे चरण में उनकी 11 सभाएं हो जाएंगी। योगी उप्र की 80 सीटों पर ही ज्यादा व्यस्त हैं। भाजपा उम्मीदवारों ने रतलाम, उज्जैन, गुना सहित राजगढ़ सीट पर योगी की सभाएं मांगी हैं। शनिवार को योगी अशोकनगर (गुना) में चुनावी सभा संबोधित करेंगे।

प्रदेश में तीसरे-चौथे चरण की शेष 17 सीटों पर राष्ट्रीय स्टार प्रचारकों में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह के नाम हैं। गडकरी की इस बार प्रदेश में अब तक एक भी सभा नहीं हो पाई है जबकि 2019 के चुनाव में उन्होंने 8 चुनावी सभाएं संबोधित की थीं। प्रादेशिक नेताओं में सीएम डॉ मोहन यादव हर दिन चार-पांच सीटों पर घूम रहे हैं। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री प्रहलाद पटेल जैसे नेता भी डिमांड में हैं।

मालवा- निमाड़ की ट्राइबल सीटों को साधेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी अब मालवा-निमाड़ में ट्राइबल वोटर्स को साधने बड़वानी और धार में 7 मई को चुनावी सभाएं संबोधित करने आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान मालवांचल की ट्राइबल बहुल सीटों पर भाजपा को नुकसान का सामना करना पड़ा था। इसलिए धार-खरगोन सीट के जरिए दोनों अंचल को साधने की कवायद की जा रही है।

7 सीटों पर पहुंचे नड्डा , छग सीएम विष्णुदेव की 4 सभाएं

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अब तक 7 सीटों पर प्रवास कर चुके हैं।
  • छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 4 चुनावी सभाएं ले चुके हैं।
  • उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य 3 सीटों पर सभाएं कर चुके हैं।
  • केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने 2 चुनावी सभाएं संबोधित कीं।
  • 2019 के चुनाव में बतौर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 144 सभाएं ली थीं। इस बार अब तक वह 35 सभाएं ले चुके हैं।

राष्ट्रीय नेताओं की मप्र की सीटों पर चुनावी सभाएं

स्टार प्रचारक            2024       2019
पीएम मोदी                 09          10
अमित शाह                 05          09
राजनाथ सिंह              06           09
स्मृति ईरानी                01           05
योगी                    01(4 मई को)  02
अभी तक (3 मई 2024)

संबंधित खबरें...

Back to top button