बॉलीवुडमनोरंजन

आज ही के दिन हुआ था मल्टी टैलेंटेड किशोर दा का निधन, मौत से पहले ही अभिनेता को हो गया था इसका आभास

मुंबई। आज ही के दिन भारतीय सिनेमा के कोहिनूर किशोर कुमार ने दुनिया को अलविदा कहा था। बहुमुखी प्रतिभा के धनी किशोर कुमार को जितनी महारथ अभिनय में हासिल थी उतनी ही अच्छी आवाज के भी वो धनी थे। बॉलीवुड में कई सिंगर्स आए और गए लेकिन किशोर कुमार की आवाज का जादू आज भी बरकरार है। किशोर कुमार ने बतौर निर्माता-निर्देशक, गीतकार, स्क्रिप्ट राइटर भी भूमिका भी बखूबी निभाई। उन्हें एक ऐसे शख्स के तौर पर याद किया जाता है, जो हमेशा अपनी शर्तों पर जिया और जो भी किया, वो इतिहास बन गया।

बड़े भाई से ज्यादा पैसे कमाना चाहते थे किशोर

किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था। किशोर कुमार का असली नाम आभास कुमार गांगुली था। किशोर कुमार का बचपन से एक ही सपना था, वो अपने बड़े भाई अशोक कुमार से ज्यादा पैसे कमाना चाहते थे। किशोर हमेशा से अपने पसंदीदा गायक केएल सहगल की तरह बनना चाहते थे। किशोर चार भाई-बहनों अशोक कुमार, सती देवी, अनूप कुमार में सबसे छोटे थे। उनका निधन 13 अक्टूबर 1987 में हुआ था।

इस बदसूरत शहर में भला कौन रहे

एक इंटरव्यू में किशोर ने कहा था कि ‘कौन मूर्ख इस शहर में रहना चाहता है। यहां हर कोई दूसरे का इस्तेमाल करना चाहता है। कोई दोस्त नहीं है। किसी पर भरोसा नहीं कर सकते हैं। मैं इन सबसे दूर चला जाऊंगा। अपने शहर खंडवा में। इस बदसूरत शहर में भला कौन रहे।’

देव आनंद के लिए गाया पहला गाना

किशोर कुमार ने एक अभिनेता के रूप में अपने करियर की शुरुआत फिल्म शिकारी (1946) से की थी। इस फिल्म में उनके बड़े भाई अशोक कुमार ने लीड रोल निभाया था। 1948 में बनी फिल्म जिद्दी में उन्हें पहली बार गाने का मौका मिला। इसमें किशोर ने देव आनंद के लिए गाना गाया। किशोर कुमार केएल सहगल के जबर्दस्त प्रशंसक थे, इसलिए उन्होंने यह गीत उन की शैली में ही गाया। उन्होंने राजेश खन्ना के लिए 92 फिल्मों में रिकॉर्ड 245 गाने गाए। 1997 में मध्य प्रदेश सरकार ने उनके नाम पर अवॉर्ड शुरू किया।

सबसे महंगे सिंगर हुआ करते थे किशोर

राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में किशोर का बड़ा योगदान माना जाता है। 70 और 80 के दशक में किशोर कुमार सबसे महंगे सिंगर थे। उन्होंने उस समय के सभी बड़े कलाकारों के लिए अपनी आवाज दी। खासकर अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना के लिए उनकी आवाज बेहद पसंद की जाती थी।

अभिनेता ने की 4 शादियां

किशोर कुमार ने चार शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी बंगाली गायिका और अभिनेत्री रूमा गुहा ठाकुरता थीं। लेकिन शादी के 8 साल (1950 से 1958) बाद उन्होंने अपनी पहली पत्नी से तलाक ले लिया। इसके बाद उन्होंने 1960 में मधुबाला से शादी कर ली। मधुबाला से शादी के लिए किशोर कुमार ने इस्लाम कुबूल कर लिया था और अपना नाम करीम अब्दुल रख लिया था। हालांकि, गंभीर रूप से बीमार पड़ने के बाद 35 साल की उम्र में मधुबाला का देहांत हो गया था। मधुबाला की मौत के बाद किशोर कुमार की जिंदगी में योगिता बाली आईं और दोनों ने शादी कर ली, लेकिन महज दो साल बाद योगिता से भी उनका रिश्ता टूट गया। इसके बाद किशोर कुमार ने साल 1980 में खुद से 20 साल छोटी लीना से शादी कर ली।

मौत से पहले हो गया था आभास

किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘उस दिन उन्होंने सुमित (अमित का सौतेला भाई) को स्वीमिंग के लिए जाने से रोक दिया था और वो इस बात को लेकर भी काफी चिंतित थे कि कनाडा से मेरी फ्लाइट सही वक्त पर लैंड करेगी या नहीं। उन्हें हार्ट अटैक संबंधी कुछ लक्षण तो पहले से ही दिख रहे थे लेकिन एक दिन उन्होंने मजाक किया कि अगर हमने डॉक्टर को बुलाया तो उन्हें सच में हार्ट अटैक आ जाएगा और अगले ही पल उन्हें सच में अटैक आ गया।’ निधन के बाद किशोर कुमार का अंतिम संस्कार खंडवा में ही हुआ। मौत से पहले ही उन्हें आभास हो गया था कि वो जल्दी ही दुनिया को अलविदा कहने वाले हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button