
भोपाल। पांच मार्च 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन है। इस बार यह दिन मध्यप्रदेश के लिए खास होगा। इसी दिन महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना लॉन्च की जा रही है। इस योजना के साथ ही पर्यावरण हितैषी सरकार सभी नगरीय निकायों में पौधरोपण कराने जा रही है।
सुबह 8 बजे से शुरू होगा पौधरोपण
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ के मौके पर बहनें पौधरोपण कर अपने लाड़ले भाई शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन मनाएंगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी 413 नगरीय निकायों में बनी ‘शिव वाटिका’ में पौधरोपण होगा। इस दिन शिवराज अपने जीवन के 23,360 दिन पूरे करेंगे, इसलिए पूरे प्रदेश में 23,360 पौधे लगाए जाएंगे। यह पौधरोपण सुबह 8 बजे से शुरू होगा। गौरतलब है कि लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र परिवार की महिला को प्रतिमाह 1000 रुपए दिए जाएंगे। सरकार ने बजट में इसके लिए 8,100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
स्थानीय प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता
कल 3 मार्च 2023 से इस पौधरोपण कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इस अभियान के लिए स्थानीय प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। समाज के सभी वर्ग इस पौधरोपण में हिस्सा लेंगे और शिव वाटिका में पौधे रोपेंगे। नगरीय आवास एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए सबसे बड़ा उपहार है। मंत्री ने कहा- प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में शिव वाटिका की तैयारियों को 4 मार्च को अंतिम स्वरूप दिया जाएगा। इसी दिन शाम पांच बजे तक पौधे निर्धारित स्थानों पर पहुंचा दिए जाएंगे। यह पौधे रोपने के लिए महिलाएं शिव वाटिकाओं में तड़के पांच बजे पहुंच जाएंगी।