
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच सवाल-जवाब का ट्विटर पर वॉर जारी है। इस सवाल-जवाब की सियासत में मंगलवार को सीएम शिवराज ने सवाल किया कि कांग्रेस के शासनकाल में कितनी महिलाओं को रियायती दर पर स्वरोजगार के लिए ऋण दिया गया। साथ ही कांग्रेस खानदानी पार्टी भी बताया।
इस पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने पलटवार करते हुए कहा- अपने कर्मों का हिसाब आदमी को यहीं देना पड़ता है। पुलिस बल में महिलाओं के लिए आरक्षित पदों पर प्राथमिकता से भर्ती प्रक्रिया करने का वादा किया था। पूर्व सीएम ने हर प्रकार की पुलिस भर्ती को विवादों में उलझाने का आरोप लगाया।
सीएम ने पूछा- कितनी महिलाओं को रियायती दरों पर ऋण दिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को भोपाल के स्मार्ट पार्क में पौधा लगाने के बाद मीडिया से चर्चा में कमलनाथ से फिर सवाल पूछा। सीएम ने कहा- कांग्रेस के झूठे वादे उजागर करना, मैं अपना कर्त्तव्य मनता हूं। कांग्रेस ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की बात की थी। कांग्रेस ने कहा था कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए रियायती ब्याज दर पर ऋण दिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने स्वसहायता समूह वालों को दो प्रतिशत दर पर ब्याज देने का फैसला किया है। अब कमलनाथ जी बताएं कि उन्होंने कितनी महिलाओं को रियायती दरों पर ऋण दिया और अगर नहीं दिया तो क्यों।
कांग्रेस खानदानी पार्टी है।
खानदानी मतलब एक ही परिवार की पार्टी, माँ, बेटा और बहन की पार्टी, पिता और पुत्र की पार्टी। उन्हें दूसरों की जरूरत ही नहीं।
कार्यकर्ता दरी बिछाएं।
नेता मौज उड़ाएं। pic.twitter.com/C66HXHVSk2— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 21, 2023
मां-बेटा और बहन की पार्टी : सीएम
सीएम शिवराज यही नहीं रुके उन्होंने कल जारी अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की डेलीगेट्स की सूची पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ‘खानदानी’ पार्टी है। खानदानी मतलब एक ही परिवार की पार्टी, मां-बेटा और बहन की पार्टी, पिता और पुत्र की पार्टी। उन्हें दूसरों की जरूरत ही नहीं। कार्यकर्ता दरी बिछाए और हम करेंगे।
झूठ का लाक्षागृह जल्द भस्म होगा : कमलनाथ
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर सवाल के माध्यम से हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- कर्म प्रधान विश्व रचि राखा। जो जस करहिं सो तस फल चाखा। शिवराज जी, अपने कर्मों का हिसाब आदमी को यहीं देना पड़ता है। आपने झूठ का जो लाक्षागृह बनाया है, जनता उसे जल्दी ही भस्म में करने वाली है।
कर्म प्रधान विश्व रचि राखा।
जो जस करहिं सो तस फल चाखा।
शिवराज जी, अपने कर्मों का हिसाब आदमी को यहीं देना पड़ता है। आपने झूठ का जो लाक्षागृह बनाया है, जनता उसे जल्दी ही भस्म में करने वाली है।— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) February 21, 2023
आपने अपने झूठ पत्र में वादा किया था कि पुलिस बल में महिलाओं के लिए आरक्षित पदों के लिए प्राथमिकता से भर्ती प्रक्रिया करेंगे। लेकिन महिलाओं की पुलिस में भर्ती तो दूर, हर तरह की पुलिस भर्ती को आपने विवादों में उलझा दिया है। आपका यह षड्यंत्र मध्यप्रदेश की मातृशक्ति कभी नहीं भूलेगी।
ये भी पढ़ें: CM शिवराज ने किया छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को लेकर सवाल, कमलनाथ ने पूछा- किसान कर्जमाफी बंद क्यों की?