
पलामू, झारखंड। झारखंड के पलामू जिले के पनकी कस्बे में बुधवार को दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। इलाके में फैले तनाव के बीच यहां धारा 144 लागू कर दी गई है। इंटरनेट भी बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह झड़प पनकी बाजार में महाशिवरात्रि उत्सव के लिए बनाए गए स्वागत द्वार को नुकसान पहुंचाने को लेकर हुई।
यहां एक समुदाय ने महाशिवरात्रि के लिए तैयार किया गया स्वागत द्वार क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पत्थर चले। मस्जिद से पत्थर फेंके गए तो दूसरी तरफ से भी पथराव हुआ। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस दौरान दुकानों में तोड़फोड़ भी हुई। पत्थरबाजी की चपेट में आकर कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

इलाके में भारी फोर्स तैनात
एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पलामू के एआईजी पुलिस राज कुमार लाकड़ा ने बताया कि झड़प एक विवाद के बाद हुई। उस विवाद में आगामी शिवरात्रि उत्सव के लिए स्थापित स्वागत द्वार को नुकसान पहुंचाने को लेकर ईंट-पत्थरबाजी और एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों समुदायों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी है।