
सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में डीआरजी के तीन जवान शहीद और 2 घायल हो गए। सुकमा एसपी सुनील शर्मा के मुताबिक एनकाउंटर में 5 से 6 नक्सली भी मारे गए हैं। बताया जा रहा कि, दंतेवाड़ा और सुकमा से डीआरजी के जवान नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे।
सर्चिंग पर निकले सुरक्षाबलों को बनाया निशाना
घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आईजी पी सुंदरराज ने इसकी पुष्टि कर बताया कि, डीआरजी की पार्टी नक्सल गस्त सर्चिंग पर रवाना हुई थी। उसी दौरान सुकमा जिले के जगरगुंडा और कुंदेड़ गांव के मध्य सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। आसपास करीब 100 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। सर्चिंग पर निकले सुरक्षाबलों को एंबुश लगाकर माओवादियों ने निशाना बनाया।
शहीद जवानों के नाम
- रामुराम नाग, ASI
- कुंजाम जोगा
- वंजाम भीमा
जिस इलाके में मुठभेड़ हुई वह इलाका पूरी तरह से माओवादियों का गढ़ है। नक्सली कमांडर हिड़मा यहां सक्रिय है।
सीएम बघेल ने किया ट्विट
सीएम भूपेश बघेल ने ट्विट कर लिखा, बस्तर के सुकमा जिले के जगरगुंडा में नक्सली मुठभेड़ के दौरान हमारे 3 वीर जवानों की शहादत का समाचार दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवारजनों को हिम्मत दे। इस दुख में हम सब साथ हैं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
बस्तर के सुकमा जिले के जगरगुंडा में नक्सली मुठभेड़ के दौरान हमारे 3 वीर जवानों की शहादत का समाचार दुखद है।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवारजनों को हिम्मत दे। इस दुख में हम सब साथ हैं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) February 25, 2023
20 फरवरी को भी 2 जवान हुए थे शहीद
राजनांदगांव में 20 फरवरी की सुबह नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो जवान हेड कांस्टेबल राजेश सिंह और उसके साथी बी/डब्ल्यू चंदसूरज शहीद हो गए। राजनांदगांव के एसपी अभिषेक मीणा ने इसकी जानकारी दी थी। मुठभेड़ में नक्सलियों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की। एसपी अभिषेक मीणा ने कहा कि, आईटीबीपी और डिस्ट्रिक्ट फोर्स की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं और नक्सलियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 जवान शहीद