
नई दिल्ली। राजधानी के रामलीला मैदान में सोमवार सुबह से ही संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की महापंचायत चल रही है। किसानों की मांगों को लेकर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और किसान नेताओं के बीच एक बैठक हुई। जिसके बाद किसान नेता दर्शन पाल ने कहा कि, सरकार बिना आंदोलन के MSP नहीं देगी।
दिल्ली पुलिस ने यहां 2,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि किसान महापंचायत में कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए विस्तृत सुरक्षा तैयारी की गई है। यहां शाम 3:30 बजे तक बैठक होगी।
किसान नेता बोले- आंदोलन की तैयारी करें
दरअसल, बैठक में किसान नेताओं ने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मांग पत्र सौंपा। जिसके बाद एक बार फिर MSP की मांग को लेकर पेंच फंस गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक के बाद किसान नेता डॉ. दर्शन पाल ने कहा कि, अगर हमारी मांगें पूरी नहीं की गई तो आने वाले 20-21 दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन 2020 से भी बड़ा होगा। उन्होंने किसानों से अपने-अपने राज्यों में जाकर आंदोलन की तैयारी करने को कहा। इसके साथ ही बताया कि, 30 अप्रैल को किसानों की मीटिंग होगी।
रामलीला मैदान में दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
संयुक्त किसान मोर्चा की दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत को लेकर दिल्ली पुलिस ने रविवार को ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम लोगों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 2,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।’
दिल्ली: किसान महापंचायत के मद्देनजर आज रामलीला मैदान में भारी पुलिस बल तैनात है। pic.twitter.com/15cieed6Tu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 20, 2023
MSP के लिए पूरी कवायद
विभिन्न किसान संगठनों के संयुक्त मंच संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने कहा कि ‘किसान महापंचायत’ कृषि उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गांरटी लागू करवाने के लिए बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि हम इसको लेकर सरकार पर दबाव बनाएंगे। संगठन का दावा है कि लाखों किसान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से दिल्ली पहुंच रहे हैं। 11 राज्यों से AIKMS (ऑल इंडिया किसान मजदूर सभा) के हजारों सदस्य रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं।
दिल्ली: किसान महापंचायत के मद्देनजर रामलीला मैदान में किसानों का पहुंचना शुरू हुआ। pic.twitter.com/Tj3huzctZY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 20, 2023
MSP समिति भंग करने की मांग
संयुक्त किसान मोर्चा एमएसपी के मुद्दे पर सरकार से लड़ाई लड़ रहा है। उसने केंद्र से एमएसपी पर गठित समिति भंग करने की मांग की है। एसकेएम का आरोप है कि यह समिति किसानों की मांग के विपरीत है। इसके अलावा एसकेएम ने संयुक्त संसदीय समिति को भेजा गया बिजली संशोधन विधेयक-2022 भी वापस लेने की भी मांग की है।
किसान कर्ज माफी, सिंचाई के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 5000 रुपए की हर महीने पेंशन और एमएसपी की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए मामले वापस लेने की भी मांग की जा रही है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में कल किसान महापंचायत, रामलीला मैदान में जुटेगी 20 हजार की भीड़, 2,000 पुलिसकर्मी तैनात