मध्य प्रदेश

MP में ठंड की शुरुआत: टूटा कई सालों का रिकॉर्ड, एक दशक बाद इंदौर में अक्टूबर में रात का तापमान 12 डिग्री पर

प्रदेश में मॉनसून के बाद अब ठंड की दस्तक शुरू हो चुकी है। उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं की वजह से अब दिन में भी सिहरन महसूस होने लगी है। हर मौसम में दीपावली के बाद शुरू होने वाली ठंड इस बार पांच-छह दिन पहले शुरू होने के साथ अब ठिठुरन भी बढ़ने लगी है। दो दिन से मौसम ठंडा था लेकिन शुक्रवार शाम के बाद मौसम में और ठंडक आ गई है। इस दौरान इंदौर में रात को तापमान 12 डिग्री के स्तर तक आ गया जबकि तापमान में इतनी गिरावट अकसर नवम्बर या दिसम्बर में होती है। इसके एक दिन पूर्व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री व अधिकतम 28.9 डिग्री रहा था। करीब 10 दशक बाद ऐसी स्थिति बनी है जब अक्टूबर के सप्ताहांत में इतनी ठिठुरन होने लगी है।

दीपावली पर भी ठंडा रह सकता है मौसम

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक उत्तर भारत में हाल ही में खासी बर्फबारी हुई है। जिसकी वजह से अब हवा का रुख उत्तरी होने से मप्र में इसका असर है। इसके चलते अभी चार-पांच दिन और तापमान में गिरावट रहेगी और दीपावली पर भी मौसम ठंडा रह सकता है। इन सभी परिस्थितियों के चलते शाम को मौसम में ज्यादा ठंडक होती है जो रात में और ज्यादा बढ़ जाती है। शनिवार सुबह 7.30 बजे तक मौसम काफी ठंडा रहा और फिर हल्की सी तपन शुरू हुई।

इन जिलों में बढ़ी ठंड

प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि ग्वालियर समेत कई जिलों में अभी ठंड बेअसर दिख रही है। वहीं इंदौर का न्यूनतम तापमान भी एक दिन में सबसे ज्यादा 4.2 डिग्री नीचे आया है। यहां का तापमान 17 डिग्री से नीचे 16.2 डिग्री सेल्सियस तक चला गया है। वहीं जबलपुर की बात करें तो यहां तापमान 14 के नीचे 13.9 डिग्री सेल्सियस हो गया है। बता दें कि जबलपुर में बीते 5 साल पहले 2016 में इतना न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।

एक नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक एक नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर फिर बर्फबारी शुरू होगी, लेकिन हवाओं का रुख बदलने से मप्र में ठंड का असर कम होने लगेगा। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के साथ ही दीपावली से मप्र में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button