इंदौर। मध्यप्रदेश के धार में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में बवाल हो गया। लोगों ने प्रतिबंधित क्षेत्र से जुलूस निकालना चाहा, यहां पर पुलिस ने पहले ही बैरिकेड्स लगा रखे थे। इस पर कुछ लोगों ने इन बैरिकेड्स को गिरा दिया। पुलिस द्वारा जब इन लोगों को रोकने का प्रयास किया गया तो जुलूस में शामिल लोग हंगामा करने लगे। इसी बीच पुलिस और लोगों के बीच झड़प हो गई। भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन बात बढ़ती देख पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग किया। पुलिस ने लाठियों से लोगों को खदेड़ दिया।
प्रतिबंधित क्षेत्र में लगे थे बैरिकेड्स
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस के लिए कुछ लोग गुलमोहर कॉलोनी में जुटे थे। यहां से करीब 1500 से 2000 लोग जुलूस के रूप में बस स्टैंड होते हुए धान मंडी पहुंचे। इस दौरान जिन क्षेत्रों से होकर जुलूस निकला, वहां से भी लोग शामिल होते गए। जुलूस पिंजारवाड़ी क्षेत्र में पहुंचा। वहां पुलिस ने पहले से प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर बैरिकेड्स लगा रखा था। जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने बैरिकेड्स हटाकर निकलने की कोशिश की। जवानों ने रोका तो उन्होंने धक्का-मुक्की कर नारेबाजी शुरू कर दी।
धार में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में बवाल#MadhayPradesh #Controversy #PeoplesUpdate pic.twitter.com/4ld7NhCUDw
— Peoples Samachar (@psamachar1) October 19, 2021
पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
सूचना पर मौके पर मौजूद एडीएम सलोनी सिडाना व एडीशनल एसपी देवेंद्र पाटीदार ने शांतिपूर्वक जुलूस को आगे बढ़ाने को कहा, लेकिन इसमें शामिल कुछ लोग इसके लिए तैयार नहीं हुए। इस दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी होने लगी। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तब जाकर पत्थरबाजी बंद हुई और जुलूस आगे बढ़ा। इस दौरान नारेबाजी होती रही। धार कलेक्टर डॉ. पंकज जैन ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिन्होंने भी नियमों को तोड़ने का प्रयास किया है उन पर कार्रवाई होगी। जुलूस में शामिल लोगों में से किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।
दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी
पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग के बजाए जब एक वर्ग के कुछ लोग परंपरागत मार्ग से जाने का दबाव बनाने लगे। इस पर इन लोगों को रोका गया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ उलझने लगे। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकलवाया। फिलहाल हम शरारती तत्वों को चिह्नित कर रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।