
हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शपथ ग्रहण की। शिमला के रिज मैदान में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शपथ दिलाई। इसके अलावा मुकेश अग्निहोत्री ने डिप्टी सीएम का पद संभाला। इस दौरान उनके साथ मंच पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आदि मौजूद रहे। सुक्खू ने सभी कांग्रेस विधायकों के साथ मंच से समर्थकों का अभिवादन किया।
राहुल गांधी ने मंच पर प्रतिभा सिंह को गले लगाया
शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर सुखविंदर सिंह सुक्खू की माता संसार देई, कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मंच पर पहुंच गए हैं। प्रतिभा सिंह को राहुल गांधी ने मंच पर गले लगाया। वहीं प्रियंका ने मुख्यमंत्री की दावेदार रहीं प्रतिभा सिंह को अपने बगल में बैठाया। 6 बार प्रदेश के सीएम रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह को राहुल गांधी और बहन प्रियंका गांधी ने पुष्प अर्पित किए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में एक स्थिर सरकार बनेगी। हम एकजुट होकर काम करेंगे।
शुक्रवार को सरकार बनाने का दावा किया था पेश
इसके पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में एआईसीसी के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ पर्यवेक्षकों ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें पार्टी के विजेता विधायकों की सूची सौंपकर सरकार बनाने का दावा करने के लिए समय मांगा। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं।
छात्र नेता के रूप में की थी शुरुआत
सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था। वह कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई की। सुक्खू ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। तब वह सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला में छात्र थे। वे कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष और महासचिव भी रहे। उनकी पत्नी का नाम कमलेश ठाकुर है। उनकी दो बेटियां हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे
सुक्खू 1989 से 1995 के बीच NSUI के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वह 1999 से 2008 के बीच युवा कांग्रेस के प्रमुख रहे। वह नगर निगम का चुनाव भी लड़े और दो बार पार्षद भी चुने गए थे। सुक्खू 2013 में हिमाचल कांग्रेस के प्रमुख के पद तक पहुंचे और 2019 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे।
कहा था- सीएम की दौड़ में नहीं हूं
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा था– मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं। आलाकमान जो भी फैसला लेगा मुझे मंजूर होगा। दरअसल, उनके नाम की चर्चाएं शुक्रवार से ही तेज हो गई थीं। इस बीच उन्होंने दो बार पर्यवेक्षकों से मुलाकात की। सीएम पद के लिए नाम आने पर उन्होंने कहा था- मैं सीएम पद की दौड़ में नहीं हूं। वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने भी सुक्खू का नाम फाइनल होने पर नाराजगी जताई थी। शनिवार शाम नाम तय होने पर प्रतिभा के समर्थकों ने पर्यवेक्षकों के होटल के बाहर नारेबाजी भी की।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी CM