
भोपाल। मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का पांचवां सत्र 10 मार्च से शुरु होकर 24 मार्च तक चलेगा। 15 दिवसीय सत्र में 9 बैठकें होंगी। इस दौरान सदन में बैठकें और विधेयकों पर चर्चा होगी। राज्यपाल द्वारा अनुमोदित तदाशय की अधिसूचना विधानसभा सचिवालय द्वारा गुरुवार को जारी कर दी गई।
15 दिवसीय सत्र में 9 बैठकें होंगी
विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह के अनुसार इस 15 दिवसीय सत्र में सदन की कुल 9 बैठकें होंगी, जिसमें महत्वपूर्ण शासकीय कार्य संपादित किए जाएंगे। इस हेतु विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 19 फरवरी तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 6 मार्च तक प्राप्त की जाएंगी। वहीं स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण, नियम 267 – क के अधीन सूचनाएं विधानसभा में 4 मार्च से प्राप्त की जाएंगी। मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का यह पांचवां सत्र होगा। इस सत्र में राज्य सरकार का आगामी वित्त वर्ष का बजट प्रस्तुत किया जाएगा।
कब क्या होगा?
- 10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद शुरुआत होगी।
- 11 से 13 मार्च तक सदन में बैठकें और विधेयकों पर चर्चा होगी।
- 14 मार्च को होली अवकाश के चलते 16 मार्च तक सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
- 17 और 18 मार्च को सदन चलेगा।
- 19 मार्च को रंगपंचमी पर अवकाश रहेगा।
- 20 और 21 मार्च को सदन की कार्यवाही चलेगी।
- 22 और 23 मार्च को अवकाश होगा।
- 24 को सदन की कार्यवाही होगी।