ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

World Heritage Week : पुरातत्‍व के क्षेत्र में रोजगार के अपार अवसर, राज्‍य की विरासत मूल्‍यों से छात्रों को कराया अवगत

भोपाल। पत्थर से बनी अत्यंत प्राचीन मूर्तियों, प्रतिमाओं और कलाकृतियों में भारत का इतिहास धड़कता है। इसी के चलते पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय द्वारा विश्व विरासत सप्ताह (World Heritage Week) का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 19 नवंबर से 25 नवंबर तक विभिन्‍न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुरातत्व रोजगार अवसर पर राज्य संग्रहालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को पुरातत्व के क्षेत्र में करियर बनाने संभावनाएं बताई गई।

प्राचीन इतिहास में एमए कर बनाएं करियर

आयोजित कार्यशाला के दौरान पुरातत्वविदों ने स्कूली बच्चों को बताया कि इतिहास के विद्यार्थी यदि प्राचीन इतिहास में एमए करते हैं तो पुरातत्वविद् और गाइड बनने के अवसर बढ़ जाते हैं। शैलचित्रों पर रिसर्च और खोज के क्षेत्र में बहुत काम किया जा सकता है। मप्र में ऐसे कई शैलचित्र हैं, जिन पर अभी तक रिसर्च नहीं हुई है। मंदिर और मूर्ति विधा में पीएचडी, उत्खनन में पीएचडी करके पुरातत्व के क्षेत्र में करियर बनाया जा सकता है।

छात्रों को पुरातत्व के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए किया प्रोत्साहित

आयुक्त संचालनालय उर्मिला शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में इतिहास पृष्ठभूमि के 50 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। कार्यशाला में छात्रों को पुरातत्‍व के क्षेत्र में विरासत संरक्षण और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। आयुक्त शुक्ला ने छात्रों को मध्य प्रदेश के पुरातात्विक रूप से समृद्ध इतिहास के बारे में बताया और छात्रों को पुरातत्व के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

राज्य के विरासत मूल्यों से कराया अवगत

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त अधीक्षक पुराविद डॉ. एसएस गुप्ता ने छात्रों को राज्य के विरासत मूल्य के बारे में बताया। उन्होंने एक पेशे के रूप में पुरातत्व की जटिलताओं पर भी चर्चा की और युवाओं को पुरातत्व उद्योग में रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। डॉ. रमेश यादव, अधिकारी पुरातत्व पुरालेख एवं संग्रहालय, मप्र ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान, पुरातत्व संचालनालय ने मोती महल ग्वालियर, दुबेला संग्रहालय छतरपुर, रानी दुर्गावती संग्रहालय जबलपुर, धार किला, लालबाग पैलेस इंदौर और राजबाड़ा, इंदौर में भी विभिन्‍न कार्यक्रम आयोजित किए।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button