Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टी सीरीज और रिलायंस एंटरटेनमेंट के बीच बड़ी डील, 1000 करोड़ रुपए के निवेश से बनेंगी 10 फिल्में

मुंबई। फिल्म निर्माण कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट ने अब हिंदी सिनेमा की पॉपुलर कंपनी टी सीरीज के साथ हाथ मिलाया है। रिलायंस एंटरटेनमेंट और टी सीरीज ने साथ में 10 फिल्में बनाने का एलान किया है और इन फिल्मों को बनाने में करीब एक हजार करोड़ रुपए का निवेश करने पर भी सहमति जताई है। ये फिल्में कौन सी होंगी और इनमें कौन से सितारे होंगे, फिलहाल इसका खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी शुरुआत दक्षिण भारत की हिट फिल्म ‘विक्रमवेधा’ की हिंदी रीमेक से होगी। जिसमें सैफ अली खान और ऋतिक रोशन लीड किरदार निभा रहे हैं।

कौन सी फिल्में होंगी शामिल

इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार इन 10 फिल्मों में तीन मेगा बजट फिल्में हैं। रिलायंस एंटरटेनमेंट और टी सीरीज की इन 10 फिल्मों में कई निर्माणाधीन फिल्में भी शामिल कर ली गई हैं। दोनों स्टूडियो से जारी एक बयान के मुताबिक, समझौते में तमिल ब्लॉकबस्टर, एक जासूसी थ्रिलर, एक बायोपिक, एक कोर्ट रूम ड्रामा के साथ-साथ एक व्यंग्य कॉमेडी, एक रोमांस ड्रामा और"सच्ची घटनाओं" पर आधारित फिल्म के हिंदी रीमेक शामिल हैं। टी सीरीज कंपनी और रिलायंस एंटरटेनमेंट के बीच अब तक संगीत की मार्केटिंग को लेकर लंबी साझेदारी रही है। लेकिन, ये पहली बार हो रहा है कि जब मुंबई के दो बड़े स्टूडियोज ने साथ मिलकर फिल्में बनाने का फैसला किया है।

पोर्टफोलियो में शामिल हैं करीब 300 चर्चित फिल्में

अगले दो से तीन साल के भीतर बनने वाली फिल्मों से जुड़े निर्देशकों के नामों में पुष्कर और गायत्री, मंगेश हडावले, विक्रमजीत सिंह, संकल्प रेड्डी और श्रीजित मुखर्जी शामिल हैं। रिलायंस एंटरटेनमेंट इससे पहले रोहित शेट्टी, नीरज पांडे, इम्तियाज अली, विकास बहल, अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवाने, रिभु दासगुप्ता आदि के साथ साझेदारी में फिल्में बना चुका है। कंपनी के पोर्टफोलियो में करीब 300 चर्चित फिल्में शामिल हैं।

कंपनी के ग्रुप सीईओ का बयान

इस बारे मे रिलायंस एंटरटेनमेंट के ग्रुप सीईओ शिबाशीष सरकार कहते हैं, ‘टी सीरीज के साथ हमारी इस साझेदारी को लेकर मैं बहुत आशावान हूं। भारतीय फिल्म उद्योग के लिए ये एक नए जश्न की शुरूआत जैसा है और हम इसी संकल्प के साथ लीक से इतर और खास पलों को जीने वाली फिल्मों का गुलदस्ता लेकर जल्द आने वाले हैं।’
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts