जबलपुर में शादी के 6 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के चरगवां गांव में रविवार को एक नवविवाहिता की मौत रहस्यमय हालात में होने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय सुधा लोधी के रूप में हुई है। करीब 6 महीने पहले उसकी शादी चरगवां निवासी वीरेंद्र ठाकुर से हुई थी। सुधा के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया और आखिरकार उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
शादी के बाद से शुरू हुआ विवाद
सुधा के चाचा जागेश्वर सिंह ने बताया कि 6 मार्च 2025 को हुई शादी के कुछ ही दिनों बाद घर का माहौल बदलने लगा था। कम दहेज लाने का ताना देकर सुधा को प्रताड़ित किया जाता रहा। परिजनों का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों से ही उसकी जिंदगी तनाव और विवादों में घिर गई थी।
मायके से लौटी थी ससुराल
लगातार कलह के कारण सुधा करीब 20 दिन पहले अपने मायके पाटन चली गई थी, जहां उसने लगभग 15 दिन बिताए। परिवार ने समझाने-बुझाने के बाद दो दिन पहले ही उसे ससुराल भेजा था। लेकिन वापसी के चंद दिनों के भीतर ही उसकी मौत की खबर ने सभी को हिला दिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
सुधा के परिवार का आरोप है कि उन्हें शव फंदे पर लटका मिला, जबकि परिस्थितियां आत्महत्या से मेल नहीं खातीं। उनका कहना है कि पहले उसकी हत्या की गई और फिर उसे फांसी पर लटकाया दिया गया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे। इस संबंध में परिवार ने कटंगी पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












