Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर के चर्च ग्राउंड को बनाया जाएगा फुटबॉल हाउस, खिलाड़ियों को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग सुविधा

सीहोर में फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल की तैयारी शुरू हो गई है। चर्च ग्राउंड को फुटबॉल हाउस के रूप में विकसित करने की दिशा में गतिविधियां तेज हो गई हैं। डिप्टी डायरेक्टर शंभू यादव ने खिलाड़ियों से सीधा संवाद करते हुए मैदान को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस करने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
सीहोर के चर्च ग्राउंड को बनाया जाएगा फुटबॉल हाउस, खिलाड़ियों को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग सुविधा
सीहोर के चर्च ग्राउंड को बनाया जाएगा फुटबॉल हाउस

सीहोर। चर्च ग्राउंड को फुटबॉल हाउस के रूप में विकसित करने को लेकर खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के बीच चर्चा हुई। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत इस मैदान को मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के फुटबॉल हाउस के रूप में पहचान दिलाने की बात कही गई। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराना है।

खिलाड़ियों से वन टू वन चर्चा 

इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर शंभू यादव ने करीब 20 मिनट तक खिलाड़ियों के साथ खेल और उनके भविष्य को लेकर चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी से उसकी जरूरतों और अभ्यास के दौरान उपयोग में आने वाली खेल सामग्री के बारे में जानकारी ली। खिलाड़ियों को किन उपकरणों की आवश्यकता है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस संवाद का उद्देश्य खिलाड़ियों की वास्तविक जरूरतों को समझकर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ना रहा।

ये भी पढ़ें: सीहोर में 44 करोड़ से बनेगी 4 किमी लंबी फोरलेन सड़क, इंदौर नाके से स्टेशन ब्रिज तक होगा निर्माण

रोजाना अभ्यास और लक्ष्य पर ध्यान देने की नसीहत

शंभू यादव ने खिलाड़ियों से कहा कि यदि उन्हें प्रोफेशनल फुटबॉलर बनना है तो स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करनी होगी। उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 150 मिनट अभ्यास करने, खेल कौशल को निखारने और पढ़ाई के साथ खेल पर भी पूरा ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के जरिए अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए प्रेरित किया।

आधुनिक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा

डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि चर्च ग्राउंड को फुटबॉल हाउस बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे और खिलाड़ियों को कई आधुनिक खेल उपकरण उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने खिलाड़ियों से सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने, अभ्यास में निरंतरता बनाए रखने और अच्छे खिलाड़ी बनने के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।

Breaking News

खेल जगत से जुड़े लोग रहे मौजूद

चर्चा के दौरान प्रदीप अस्थाना, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रुबिका दीवान, खेल प्रशिक्षक सुयश कनौजिया, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं खेल प्रशिक्षक मनोज कनौजिया, सचिव आनंद उपाध्याय सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। अब खिलाड़ियों को इस पहल के धरातल पर उतरने और आधुनिक सुविधाएं मिलने का इंतजार है। यदि प्रस्तावित व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से लागू होती हैं, तो चर्च ग्राउंड शहर में फुटबॉल प्रशिक्षण और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts