SpiceJet Flight :स्पाइसजेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान के बाद आई तकनीकी खराबी; दिल्ली से लेह जा रही थी

दिल्ली से लेह जा रही SpiceJet की फ्लाइट SG-121 में शनिवार सुबह उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इंजन में समस्या की सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी।
सुबह करीब 6:35 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। यह विमान Boeing 737 था, जिसमें 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सुबह करीब 6:45 बजे रनवे 28 पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के समय फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम पूरी तरह अलर्ट पर थीं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
तकनीकी जांच के लिए विमान ग्राउंड
एयरलाइन के मुताबिक, विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। प्रभावित यात्रियों को दूसरी उड़ानों से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
झारखंड के चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश
इससे पहले, रांची से सात लोगों को दिल्ली ले जा रही एक एयर एंबुलेंस झारखंड के चतरा जिला में सिमरिया के पास जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान सभी 7 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, एयर एंबुलेंस ने शाम करीब 7:10 बजे उड़ान भरी थी और 7:30 बजे के आसपास संपर्क टूट गया। बाद में पता चला कि विमान सिमरिया के बरियातु पंचायत क्षेत्र में गिरा।
चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने मीडिया को बताया कि विमान लापता होने के बाद खोज शुरू की गई और दुर्घटनास्थल की पुष्टि हुई।
देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया कि एयर एंबुलेंस की व्यवस्था एक मरीज के लिए की गई थी। लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को 16 फरवरी को 65% जलने की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनका इलाज चल रहा था।




















