
देशभर में जारी गर्मी के सितम के बीच एक राहत भरी खबर है। मानसून ने बंगाल की खाड़ी में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि मानसून आज अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच चुका है। साथ ही, जल्द केरल में भी मॉनसून की दस्तक होगी। मौसम विभाग ने इसी सप्ताह उत्तराखंड, मेघालय, असम और केरल में बारिश का अनुमान जताया है।
मानसून पर राहत दे क्या बोला मौसम विभाग?
मौसम विभाग के मुताबिक, अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर मानसून आज पहुंच चुका है। हमने केरल के लिए भविष्यवाणी की है कि यह 27 मई के आसपास आएगा। इस बीच, मौसम विभाग ने इस सप्ताह उत्तराखंड, केरल, मेघालय, असम समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है।
मानसून की दस्तक से कम होगी गर्मी
आईएमडी ने बताया, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व मध्य प्रदेश के तापमान में आज तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यहां अगले चार से पांच दिन लू से राहत मिलेगी और तापमान भी नीचे गिरेगा। मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि मानूसन की दस्तक से गर्मी कम होगी।
दिल्ली में बदल रहा मौसम
दिल्ली के अलावा UP के बांदा में भी रविवार को तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दिल्ली में आज सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली है। दिल्ली और NCR में बादल छाए हुए हैं, आंधी-तूफान चलने की भी संभावना है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
रविवार को दिल्ली के प्रमुख इलाकों का तापमान
शहर | तापमान |
मुगेशपुर | 49.2 |
नजफगढ़ | 49.1 |
स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स | 48.4 |
जफरपुर | 47.5 |
पीतमपुरा | 47.3 |
सफदरजंग | 45.6 |
राजस्थान में भीषण गर्मी
राजस्थान में भीषण लू का कहर जारी है। बीकानेर में तो पेड़ों में आग लग गई। पेड़ों के एक-दूसरे से टकराने के कारण कई बार इनमें आग लग जाती है। चूरू में सबसे ज्यादा अधिकतम, जबकि जयपुर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
शहर | तापमान (15 मई 2022) |
चूरू | 47.9 |
पिलानी-झुंझुनूं | 47.7 |
श्रीगंगानगर | 47.6 |
धौलपुर | 47.7 |
संगरिया-हनुमानगढ़ | 47.9 |
अलवर | 47.3 |
करौली | 47.3 |
पंजाब में रिकॉर्डतोड़ गर्मी
पंजाब के अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में गर्मी ने बीते 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार-मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
यूपी के बांदा में सबसे ज्यादा तापमान
उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा जिले में दिन का अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, मई में बांदा में यह अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। जिले में पिछला अधिकतम तापमान 31 मई 1994 को 48.8 डिग्री सेल्सियस था।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
- मौसम विभाग की मानें तो अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है।
- मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम में 15 से 17 मई तक भारी बारिश की संभावना है।
- उत्तर के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो से तीन दिन ओलों के साथ बारिश की संभावना है।
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले दो दिन धूलभरी आधी चलने की आशंका है।
केरल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने केरल के 6 जिलों- कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
असम में बाढ़ के हालात
असम के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से बाढ़ के हालात बन रहे हैं। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने बताया कि लैंडस्लाइड से हाफलोंग में करीब 80 घर प्रभावित हुए हैं। भूस्खलन में 3 लोगों की मौत हुई है। दीमा हसाओ जिले में बाढ़ से रेलवे लाइन बह गईं।