सोहागपुर में अनोखा स्वतंत्रता दिवस, किन्नर रागिनी बनीं मुख्य अतिथि और फहराया तिरंगा

सोहागपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सनफ्लावर स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सोहागपुर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किन्नर रागिनी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। उनके साथ किन्नर सीता, स्वीटी, नेहा और आलिया भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरपर्सन यशवंत साहू, श्रीमती गायत्री साहू और डायरेक्टर दीपक साहू एवं संदीप साहू सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
सम्मान और समानता का दिया संदेश
ध्वजारोहण के बाद किन्नर रागिनी ने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश के गौरव का पर्व नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के सम्मान, समानता और अधिकारों की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार ने उन्हें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर जो सम्मान दिया है, वह उनके लिए गौरव और भावनात्मक खुशी का विषय है।
किन्नर समुदाय के प्रति बदले सोच
रागिनी ने कहा कि किन्नर समुदाय को आज भी समाज में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जरूरत है कि समाज उनके प्रति संवेदनशील और सकारात्मक सोच अपनाए। उन्होंने कहा कि सम्मान और समानता की भावना से ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। विद्यालय परिवार की इस पहल को उन्होंने सामाजिक समरसता और भाईचारे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बच्चों को शिक्षा और संस्कार का संदेश
किन्नर रागिनी ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति और समाज के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने बच्चों से अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में मेहनत व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बच्चों को दिया आशीर्वाद
समारोह के अंत में किन्नर रागिनी के साथ मौजूद किन्नर समुदाय की सदस्यों ने विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और पूरे स्कूल परिवार को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता, सम्मान और भाईचारे का संदेश देकर संपन्न हुआ।













