सोहागपुर में यात्रियों से भरा इलेक्ट्रिक ऑटो पलटा, 7 घायल; 4 जिला अस्पताल रेफर

सोहागपुर। नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर के पास शनिवार शाम यात्रियों से भरा एक इलेक्ट्रिक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा गुरमखेड़ी तिराहे पर शाम करीब 6 बजे हुआ। ऑटो में सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर घायलों को 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया, जबकि तीन घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
सलकनपुर से लौट रहे थे यात्री
एएसआई गणेश राय के अनुसार, ऑटो में सवार यात्री सलकनपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान गुरमखेड़ी तिराहे के पास इलेक्ट्रिक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल राधेलाल अहिरवार (40), लवकुश अहिरवार (9), प्रकाश अहिरवार (9) और बबलू अहिरवार (23), सभी निवासी परसवाड़ा, को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल नर्मदापुरम भेजा गया है।
वहीं, लखनलाल अहिरवार (52) और उनकी पत्नी फनवली अहिरवार (50), निवासी परसवाड़ा, तथा आधार सिंह अहिरवार (32), निवासी सेमरी तला, को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ऑटो चालक के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, हादसे के मामले में ऑटो चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ऑटो के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।




















