Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पहले बाइक सवार को कुचला, फिर खेत में पलटी एंबुलेंस; सिंगरौली हादसे का वीडियो वायरल

सिंगरौली के माड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पीछे आ रही दूसरी एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। वहीं शव ले जाते समय महिला के पीछे दौड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं।
पहले बाइक सवार को कुचला, फिर खेत में पलटी एंबुलेंस; सिंगरौली हादसे का वीडियो वायरल

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। माड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जरहां के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हुए हैं।

तेज टक्कर के बाद दूसरी एंबुलेंस भी पलटी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली एंबुलेंस की बाइक से जोरदार टक्कर हुई। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी एंबुलेंस भी नियंत्रण खो बैठी और खेत में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पलटी हुई एंबुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही माड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और एंबुलेंस की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।

Breaking News

शव ले जाते समय पीछे दौड़ी महिला

हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मृतक के परिवार की एक महिला रोते हुए शव को ले जा रहे वाहन के पीछे दौड़ती दिखाई दे रही है। वीडियो में एक पुरुष पुलिसकर्मी महिला का हाथ पकड़कर उसे पीछे खींचता नजर आ रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने घटनास्थल पर महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी नहीं होने और पुलिस के व्यवहार पर भी आपत्ति जताई है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना की परिस्थितियों और पुलिसकर्मी की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts