ताजा खबरमध्य प्रदेश

राम कथा में शिवराज की सीख : अहाते बंद हो रहे हैं – शराब पीना है तो पुरुष बोतल घर ले जाएं, महिलाएं उन्हें डंडे से ठीक कर दें

इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य की नई आबकारी नीति के तहत एक अप्रैल से सभी शराब अहाते बंद करने का फैसला लिया गया है, क्योंकि इनकी वजह से महिलाओं को शराबियों की छेड़छाड़ के साथ ही पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री इंदौर से करीब 30 किमी दूर सांवेर में आयोजित राम कथा में शामिल होने पहुंचे थे।

महिलाओं की दिक्कत खत्म करना है

सीएम ने राम कथा के मंच से कहा- कई लोग अहातों में शराब पीने के बाद हंगामा, गाली-गलौज और महिलाओं से छेड़छाड़ भी करते हैं। इसलिए प्रदेश में एक अप्रैल 2023 से सभी शराब अहाते बंद किए जाएंगे। हमें पुरुषों के शराब पीने से पैदा होने वाली समस्याओं से महिलाओं को मुक्त करना है। पुरुषों के शराब पीने से उनकी पत्नियां बेहद परेशान रहती हैं। महिलाओं से मुखातिब मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा- अगर किसी पुरुष को शराब पीना है, तो वह बोतल खरीदकर अपने घर ले जाए और मैं अपनी बहन (बोतल खरीदने वाले शख्स की पत्नी) से कहूंगा कि वह इस व्यक्ति के घर पहुंचने पर डंडा लेकर तैयार रहे और उसे सही कर दे।

नशे से दूर करना राम का काम

शिवराज ने शराब पीने वाले व्यक्तियों के बच्चों से अपील की कि वे अपने पिता से कहें कि शराबखोरी अब बिल्कुल नहीं चलेगी। समाज में नशामुक्ति के प्रयास जरूरी हैं। लोगों को नशे की प्रवृत्ति से दूर करना भी भगवान राम का ही काम है। उन्होंने राम कथा सुनने के बाद कहा- किसान बढ़िया खेती करें, शिक्षक ढंग से पढ़ाएं, कर्मचारी रिश्वत लिए बिना ईमानदारी से काम करें और नेता हवाला, घोटाला और बेईमानी न करें और जनता की ठीक से सेवा करें, तो हमें परम पिता परमात्मा मिल जाएंगे।

लाड़ली बहना योजना की जानकारी दी

शिवराज ने यहां लाड़ली बहना योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की विवाहिताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए यह योजना है। इसके तहत 8 मार्च से आवेदन लिए जाएंगे और प्रदेश सरकार की ओर से 10 जून से हर पात्र हितग्राही महिला के खाते में हर माह 1,000 रुपए जमा किए जाएंगे। इस रामकथा का आयोजन जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है। सिलावट ही आयोजन करवा रहे हैं।

यह भी पढ़ें महिदपुर में विकास रथ से पहुंचे CM शिवराज : युवाओं को दी सौगात; कहा- MP में 1 अप्रैल से सभी अहाते बंद कर दिए जाएंगे

संबंधित खबरें...

Back to top button