Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शिवपुरी : मां और दो मासूम बच्चों के शव कुएं में मिले, तीर्थ यात्रा पर गया था पति, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी : मां और दो मासूम बच्चों के शव कुएं में मिले, तीर्थ यात्रा पर गया था पति, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के जोराई (जौरहाई) गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव गांव के कुएं में तैरते मिले। मृतकों की पहचान पिंकी बघेल (28), उसकी 4 वर्षीय बेटी रुचिका और 8 माह के बेटे आनंद के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

कुएं में तैरते शव देख ग्रामीणों में मचा हड़कंप

गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोगों की नजर कुएं पर पड़ी, तो उन्हें उसमें तीन शव तैरते नजर आए। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत बैराड़ थाने को सूचना दी। थाना प्रभारी रविशंकर कौशल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर तीनों शवों को बाहर निकाला। महिला की सास ने सबसे पहले शवों को देखा था।

पति तीर्थ यात्रा पर गया था, बताया- नहीं था कोई विवाद

मृतक महिला के पति रामनिवास बघेल ने पुलिस को बताया कि वह अपने साले और साढ़ू के साथ उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन की परिक्रमा करने गया था। बुधवार रात वह लौटा, लेकिन साले के घर ही रुक गया था। सुबह सूचना मिलने पर वह गांव आया। रामनिवास ने कहा कि उसकी पत्नी पिंकी का न तो घर में किसी से विवाद था और न ही बाहर किसी से कोई झगड़ा। वह इस घटना से स्तब्ध है और वजह समझ नहीं पा रहा।

पुलिस ने शुरू की हर एंगल से जांच

थाना प्रभारी रविशंकर कौशल ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस आत्महत्या, हादसा और हत्या तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही बैराड़ क्षेत्र के तहसीलदार दृगपाल सिंह वैस भी पुलिस के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच कर रहा है।

क्या है पुलिस का शक?

पुलिस को संदेह है कि महिला ने किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक कलह के चलते अपने दोनों मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दी होगी। हालांकि अब तक ऐसा कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है जो घटना को आत्महत्या साबित कर सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल रिकॉर्ड की जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तीनों शव जब कुएं से बाहर निकाले गए तो पूरे गांव में मातम पसर गया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts