Shilpa Shinde Controversy:झूठा यौन उत्पीड़न का आरोप, गिरफ्तारी की मांग और सेलिब्रिटीज की नाराजगी, क्या है शिल्पा शिंदे विवाद?

एंटरटेनमेंट डेस्क। टीवी की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली शिल्पा इस बार अपने एक पुराने बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं। दरअसल, शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में ऐसा खुलासा किया, जिसने सोशल मीडिया से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक हलचल मचा दी। उन्होंने स्वीकार किया कि साल 2017 में 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माता संजय कोहली के खिलाफ लगाया गया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था।
इस कबूलनामे के बाद अब सोशल मीडिया पर उनकी गिरफ्तारी की मांग उठ रही है और कई सेलिब्रिटीज भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। उस समय शिल्पा शिंदे लोकप्रिय टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभा रही थीं। इसी दौरान उनका शो के निर्माताओं के साथ विवाद हो गया। शिल्पा ने आरोप लगाया था कि उन्हें सही भुगतान नहीं किया जा रहा है और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े कई मुद्दे हैं। बढ़ते विवाद के बाद उन्होंने शो छोड़ दिया।
इसके बाद मामला और गंभीर हो गया जब साल 2017 में शिल्पा शिंदे ने शो के निर्माता संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। उस समय यह मामला काफी चर्चा में रहा था और टीवी इंडस्ट्री में भी बड़ा मुद्दा बन गया था।
यह भी पढ़ें: Bollywood News : तीसरी बार दूल्हा बनने जा रहे हैं आमिर खान, गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को करेंगे निकाह
9 साल बाद क्या बोलीं शिल्पा शिंदे?
हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा शिंदे ने इस मामले पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि निर्माता के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस उन्होंने इसलिए दर्ज कराया क्योंकि उनके पास उस समय कोई दूसरा रास्ता नहीं था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आरोप वास्तविक नहीं थे और यह कदम विवाद के दौरान उठाया गया था।
शिल्पा ने कहा कि वह सच बोलने से नहीं डरतीं और अब समय आ गया था कि वह पूरी बात सामने रखें। यही बयान अब उनके लिए नई मुश्किलें खड़ी कर रहा है।
पूरा टाइमलाइन: कब क्या हुआ?
- 2016- शिल्पा शिंदे और 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माताओं के बीच विवाद शुरू हुआ। भुगतान और कॉन्ट्रैक्ट को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शिल्पा ने शो छोड़ दिया।
- 2017- शिल्पा ने निर्माता संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामला टीवी इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया।
- 2018-2025- मामला धीरे-धीरे शांत हो गया। शिल्पा अपने करियर और अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त रहीं।
- 2026- भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा ने दावा किया कि लगाया गया आरोप झूठा था। बयान वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया। गिरफ्तारी की मांग उठने लगी।
ये भी पढ़ें: Kumbh Viral Girl Monalisa : 'आप भाग्यशाली हैं कि केरल में हैं'... मोनालिसा-फरमान को हाईकोर्ट ने क्यों कहा ऐसा?
गिरफ्तारी की मांग क्यों उठ रही है?
शिल्पा शिंदे के बयान के बाद नई दिल्ली स्थित मेन्स राइट्स संगठन NCM India Council For Men Affairs ने मुंबई पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ झूठा यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया गया है, तो इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर #ArrestShilpaShinde जैसे हैशटैग भी ट्रेंड करने लगे। हालांकि अभी तक मुंबई पुलिस की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक कार्रवाई या बयान सामने नहीं आया है।
पूजा बेदी ने क्या कहा?
अभिनेत्री पूजा बेदी ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून बेहद महत्वपूर्ण हैं। यदि कोई व्यक्ति इन कानूनों का गलत इस्तेमाल करता है, तो इससे असली पीड़ितों को नुकसान पहुंचता है।
पूजा बेदी के मुताबिक, ऐसे मामलों से उन महिलाओं की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है जो वास्तव में उत्पीड़न का सामना करती हैं और न्याय के लिए लड़ रही होती हैं। उनका कहना है कि किसी भी कानून का दुरुपयोग उसके मूल उद्देश्य के खिलाफ है।
हिना खान भी हुईं नाराज
टीवी अभिनेत्री हिना खान ने भी इस मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह मामला बेहद चौंकाने वाला है। हिना के अनुसार, अगर आरोप झूठे थे तो सबसे ज्यादा नुकसान उस व्यक्ति को हुआ, जिस पर आरोप लगाए गए थे। हिना ने इसे बेहद शर्मनाक बताया और कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करती हैं।
क्यों इतने साल तक चुप रहीं शिल्पा?
जब लोगों ने सवाल उठाया कि अगर सच बताना था तो 9 साल बाद क्यों बताया, तब शिल्पा शिंदे ने इसका जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस बारे में बोलना चाहती थीं, लेकिन उस समय एक समझौता हुआ था कि मामले पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जाएगी।
शिल्पा का दावा- करियर को हुआ नुकसान
शिल्पा शिंदे का कहना है कि 'भाबीजी घर पर हैं' विवाद के दौरान उनकी ऐसी छवि बनाई गई कि वह ज्यादा पैसे मांगती हैं और नखरे दिखाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उन्हें इंडस्ट्री में कई अच्छे प्रोजेक्ट्स गंवाने पड़े।
ट्रोलिंग पर क्या बोलीं शिल्पा शिंदे?
विवाद बढ़ने के बाद शिल्पा शिंदे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका कहना है कि लोग बिना पूरी बात समझे प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शिल्पा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ एक पीआर कैंपेन चलाया जा रहा है और पॉडकास्ट में कही गई बातों को अधूरा दिखाया जा रहा है।
क्या हो सकती है कानूनी कार्रवाई?
फिलहाल शिल्पा शिंदे के खिलाफ कोई आधिकारिक केस दर्ज होने या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। इसका जवाब जांच एजेंसियों और कानून की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा। लेकिन इतना तय है कि 9 साल पुराने इस विवाद ने एक बार फिर टीवी इंडस्ट्री में बड़ी बहस छेड़ दी है।











