Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शहडोल में दर्दनाक हादसा :शादी से लौट रहे BJP युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत 2 की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

शहडोल में दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की मौत हो गई। दोनों शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपी वाहन की तलाश कर रही है।
Follow on Google News
शादी से लौट रहे BJP युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत 2 की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शहडोल-रीवा हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी भी शामिल हैं। उनके साथ अतुल तिवारी नामक युवक की भी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक शहडोल जिले के टिहकी गांव के रहने वाले थे। शनिवार रात वे झिरिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर जोरा पुलिया के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद वाहन चालक फरार

दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। रात के अंधेरे में किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह जब राहगीर हाईवे से गुजर रहे थे, तब उन्होंने सड़क किनारे टूटी हुई बाइक और दो युवकों के शव पड़े देखे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

Breaking News

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक ने बताया कि, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का दावा पुलिस कर रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर

राहुल द्विवेदी भाजपा युवा मोर्चा के सक्रिय और लोकप्रिय कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल देखने को मिला। नेताओं और स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना को बेहद दुखद बताया। ग्रामीणों का कहना है कि, राहुल सामाजिक गतिविधियों में हमेशा सक्रिय रहते थे और युवाओं के बीच उनकी अच्छी पहचान थी।

Featured News

एक हफ्ते में 9 लोगों की मौत

इस हादसे ने एक बार फिर जिले की यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के भीतर शहडोल जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में करीब 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें कई मासूम बच्चे और राहगीर भी शामिल हैं। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस किन बिंदुओं पर कर रही जांच?

पुलिस इस पूरे सड़क हादसे की कई एंगल से जांच कर रही है। सबसे पहले यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बाइक को टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था और हादसे के समय उसकी रफ्तार कितनी थी। इसके लिए शहडोल-रीवा हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के बाद फरार हुआ चालक कहीं नशे की हालत में तो वाहन नहीं चला रहा था। 

इसके अलावा घटनास्थल से मिले सबूतों और बाइक की क्षति के आधार पर टक्कर की तीव्रता का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ कर आरोपी वाहन की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts