शहडोल में उफान पर बरने नदी, पुल के ऊपर बहा पानी; MP-छत्तीसगढ़ का संपर्क टूटा

शहडोल जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। जैतपुर तहसील के कोलमी गांव के पास बरने नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिसके बाद मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच का संपर्क टूट गया। यह मार्ग मध्य प्रदेश के झींक बिजुरी को छत्तीसगढ़ के केल्हारी से जोड़ता है। पानी का तेज बहाव होने के कारण प्रशासन ने इस रास्ते पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
सुरक्षा के लिए दोनों छोर पर पुलिस तैनात
उफनती नदी और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी हादसे को रोकने के लिए पुल के दोनों छोर पर पुलिस जवानों को तैनात किया है। लोगों को पुल पार करने से रोक दिया गया है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि पानी के तेज बहाव के बीच पुल पार करने का जोखिम न उठाएं और जलस्तर कम होने तक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित
शहडोल के ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले और रपटे भी उफान पर हैं। कई पुल-पुलियों पर पानी आने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों को जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
थाना प्रभारी बोले- जलस्तर कम होने तक रास्ता बंद
जैतपुर थाना प्रभारी मो. समीर ने बताया कि बरने नदी का जलस्तर पुल के ऊपर आ गया है। एहतियात के तौर पर आवागमन बंद कराया गया है और दोनों छोर पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव के दौरान किसी तरह का जोखिम न लें और पानी कम होने तक वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।




















