
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 92वें ऐपिसोड के जरिए देश के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अमृत महोत्सव के साथ-साथ बीते दिन आयोजित किए गए तिरंगे अभियान की भी चर्चा की। जल संरक्षण पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों की चिंता हो तो सामर्थ्य खुद ही आ जाता है।
अमृत महोत्सव के रंग में रंगा हर कोई – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि अमृत महोत्सव के रंग भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के दूसरे देशों में भी दिखाई दिए। बोत्स्वाना में रहने वाले एक स्थानीय गीतकार ने भी भारत की आजादी के 75 साल मनाने के लिए देशभक्ति के 75 गीत गाए। खास बात यह है कि यह गीत हिंदी, पंजाबी, गुजराती, बांग्ला, तमिल और कई अन्य भाषाओं में गाए गए। उन्होंने कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ 2023 तक चलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश को इस अमृत सरोवर अभियान के अलावा सभी को अगले महीने सितंबर में शुरू हो रहे पोषण अभियान में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
गांव-गांव तक पहुंची डिजिटल इंडिया की सुविधा
जो सुविधाएं कभी सिर्फ बड़े शहरों में होती थी वो डिजिटल इंडिया ने गांव-गांव में पहुंचा दी है। गांव-गाव में 4G इंटरनेट आने के बाद देश में डिजिटल इंटरप्रेन्योर पैदा हो रहे हैं। पीएम ने इस दौरान राजस्थान के अजमेर जिले के सेठा सिंह रावत (ई-दर्जी का स्टोर चलाते हैं) और उन्नाव के ओम प्रकाश सिंह (ब्रॉडबैंड कनेक्शन का काम करते हैं) का जिक्र किया।
अमृत सरोवर का निर्माण एक जन आंदोलन बन गया: पीएम मोदी
‘मन की बात’ में ही चार महीने पहले मैंने अमृत सरोवर की बात की थी। उसके बाद अलग-अलग जिलों में स्थानीय प्रशासन जुटा, स्वयं सेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग जुटे, देखते ही देखते अमृत सरोवर का निर्माण एक जन आंदोलन बन गया है।
संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को बाजरा का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष घोषित किया: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने एक प्रस्ताव पारित कर वर्ष 2023 को International Year of Millets घोषित किया है। आपको ये जानकर भी बहुत खुशी होगी कि भारत के इस प्रस्ताव को 70 से ज्यादा देशों का समर्थन मिला था। आज दुनिया भर में इसी मोटे अनाज का क्रेज बढ़ता जा रहा है। बाजरा, मोटे अनाज, प्राचीन काल से ही हमारी खेती, संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- मन की बात : मोदी बोले – आजादी के गुमनाम नायक- नायिकाओं की कहानी बच्चों को जरूर दिखाएं
भारत है बाजरा का सबसे बड़ा उत्पादक: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत, विश्व में बाजरा (Millets) का सबसे बड़ा उत्पादक देश है, इसलिए इस पहल को सफल बनाने की बड़ी जिम्मेदारी भी हम भारत-वासियों के कंधे पर ही है। हम सबको मिलकर इसे जन-आंदोलन बनाना है, और देश के लोगों में मोटे अनाजों के प्रति जागरूकता भी बढ़ानी है।
ये भी पढ़ें- Mann Ki Baat: ‘इमरजेंसी लगाकर लोगों के अधिकार छीने गए’, मन की बात में बोले PM मोदी
हर महीने मन की बात कार्यक्रम का होता है प्रसारण
हर महीने के अंतिम रविवार को सुबह 11 बजे आकाशवाणी और दूरदर्शन के चैनलों पर मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण होता है। प्रसार भारती अपने आकाशवाणी नेटवर्क पर इस कार्यक्रम को 23 भाषाओं और 29 बोलियों में प्रसारित करता है, जिससे देश के हर नागरिक तक उनकी बातें सरलता के साथ पहुंच सके। कार्यक्रम का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित किया गया था।