सिवनी के 196 श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन रवाना, तिलक-माला पहनाकर हुआ स्वागत

सिवनी जिले के 196 श्रद्धालु मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मथुरा-वृंदावन की तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए। यह यात्रा 30 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।

तिलक-माला पहनाकर किया स्वागत
यात्रा शुरू होने से पहले नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने तीर्थ यात्रियों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बस को हरी झंडी दिखाकर छिंदवाड़ा के लिए रवाना किया गया।
बस से छिंदवाड़ा, फिर ट्रेन से मथुरा-वृंदावन
सभी तीर्थ यात्री बस से छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। यहां से ट्रेन के जरिए मथुरा-वृंदावन जाएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मथुरा और वृंदावन के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थ यात्रा का अवसर मिलने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। यात्रा पर रवाना होते समय श्रद्धालुओं ने खुशी जताई और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।




















