
वरिष्ठ भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व गवर्नर केशरी नाथ त्रिपाठी का रविवार (8 जनवरी) को निधन हो गया। वे पिछले काफी दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। जिसके बाद आज सुबह 5 बजे प्रयागराज स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। रविवार (8 जनवरी) शाम 4:00 बजे प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घर पर ही चल रहा था इलाज
जानकारी के मुताबिक, 30 दिसंबर 2022 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, 4 जनवरी को तबीयत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। जिसके बाद से उनका घर पर ही इलाज चल रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केशरी नाथ त्रिपाठी को आज ही लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया जाना था, लेकिन उससे पहले ही हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने ट्वीट किया- श्री केशरी नाथ त्रिपाठी जी को उनकी सेवा और बुद्धि के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वे संवैधानिक मामलों के अच्छे जानकार थे। उन्होंने यूपी में बीजेपी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राज्य की प्रगति के लिए कड़ी मेहनत की। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।
Shri Keshari Nath Tripathi Ji was respected for his service and intellect. He was well versed in Constitutional matters. He played a key role in building BJP in UP and worked hard for the state’s progress. Pained by his demise. Condolences to his family and admirers. Om Shanti. pic.twitter.com/mQqirPTPvy
— Narendra Modi (@narendramodi) January 8, 2023
सीएम योगी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया- वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ऊं शांति।
वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दुःखद है।
प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।
ॐ शांति!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 8, 2023
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया- पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल, श्री केशरी नाथ त्रिपाठी जी का एक लंबा सार्वजनिक जीवन रहा, जिस दौरान उन्होंने बड़ा महत्वपूर्ण योगदान किया। उनकी सहजता, सरलता और विद्वता सभी को प्रभावित करती थी। उनके निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें। ओम् शांति!
लेखक और कवि भी थे केशरी नाथ त्रिपाठी
- 10 नवंबर 1934 को जन्में केशरी नाथ त्रिपाठी ने जुलाई 2014 से जुलाई 2019 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में कार्य किया।
- उनके पास बिहार, मेघालय और मिजोरम के राज्यपाल का भी प्रभार था। वह बीजेपी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रह चुके थे।
- वह एक लेखक और कवि भी थे, उन्होंने कई किताबें लिखी हैं। ‘मनोनुकृति’ और ‘आयु पंख’ उनकी प्रमुख साहित्यिक रचनाएं हैं।
- पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी वर्ष 1977-79 के दौरान जनता पार्टी सरकार में केसरीनाथ कैबिनेट मंत्री नियुक्त किए गए थे।
- उन्होंने यूपी विधानसभा के अध्यक्ष का 1991-1993, 1997-2002 और मई 2002 से मार्च 2004 तक कार्यभार संभाला।