Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में सड़क हादसा:मिडघाट हाईवे पर मौत का तांडव, खड़े डंपर से टकराया ट्रक, मासूम समेत दो की दर्दनाक मौत

सीहोर के नेशनल हाईवे-46बी स्थित मिडघाट पर तड़के करीब चार बजे तेज रफ्तार आइसर ट्रक खराब खड़े डंपर से जा टकराया। हादसे में डंपर चालक और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
मिडघाट हाईवे पर मौत का तांडव, खड़े डंपर से टकराया ट्रक, मासूम समेत दो की दर्दनाक मौत
मिडघाट में सुबह ट्रक ने डंपर में मारी जोरदार टक्कर मार दी।

सीहोर। जिले का नेशनल हाईवे-46बी स्थित मिडघाट बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाले हादसे का गवाह बना। सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार से गुजर रहा एक आइसर ट्रक सड़क किनारे खराब हालत में खड़े डंपर के पिछले हिस्से से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास सन्नाटा चीरता हुआ शोर गूंज उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि डंपर तकनीकी खराबी के चलते हाईवे किनारे रुका हुआ था और उसका चालक उसे सुधारने में लगा था। इसी बीच पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक का चालक समय रहते वाहन पर काबू नहीं रख पाया और सीधे डंपर से जा टकराया। टक्कर की तीव्रता ऐसी थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मासूम और चालक की मौके पर ही मौत 

हादसे में डंपर चालक प्रदीप पिता रघुवीर पाल (करीब 30 वर्ष), निवासी नागोरी, थाना सांची, जिला रायसेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार करीब 8-9 वर्षीय मासूम राजवीर पिता मोनू नागवंशी, निवासी परासिया, जिला छिंदवाड़ा भी इस हादसे में जान गंवा बैठा। कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं।

पुलिस ने तुरंत चलाया राहत अभियान

सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर आवाजाही सामान्य कराई गई।

एसडीओपी बोले- हर पहलू से होगी जांच

बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के मुताबिक हादसे की प्राथमिक वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर लिया गया है, और घटना के हर पहलू की गहन जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत्रि...Read More

Latest Posts