Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एक पॉइंट से टूटा सीहोर का सपना, भोपाल ने 51 फीट की मटकी फोड़ जीती एक लाख की चमचमाती ट्रॉफी

जन्माष्टमी पर सीहोर बस स्टैंड में 51 फीट ऊंची मटकी के लिए रोमांचक मुकाबला हुआ। तीसरे राउंड में भोपाल की श्रीराम हनुमान कुंड टीम ने ग्वालटोली को एक पॉइंट से पछाड़कर 1 लाख रुपये और ट्रॉफी जीती।
सीहोर। 51 फीट की ऊंचाई, छह मंजिला मानव पिरामिड और सांसें थाम देने वाला रोमांच रहा।

सीहोर। जन्माष्टमी पर्व को लेकर रविवार रात सीहोर का मुख्य बस स्टैंड परिसर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, उल्लास और रोमांच से सराबोर नजर आया। 51 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई दही-हांडी को फोड़ने के लिए मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आई गोविंदाओं की टोलियां आमने-सामने थीं। चारों ओर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष, ढोल-नगाड़ों की थाप, भक्ति संगीत और आतिशबाजी ने ऐसा वातावरण बनाया, मानो सीहोर की धरती पर स्वयं मिनी वृंदावन उतर आया हो। एक लाख रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी के लिए हुए इस महामुकाबले में आखिरकार भोपाल की श्रीराम हनुमान कुंड टीम ने बाजी मार ली।

तीसरे राउंड तक धड़कनों को थामे रहा मुकाबला

सनातनी मटकी फोड़ महोत्सव में एक दर्जन से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। भोपाल, बैरसिया, मैना, बैरागढ़, आमाझिर और रातीबड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने अपने दमखम और सामूहिक तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया। जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, रोमांच भी चरम पर पहुंचता गया। तीसरे राउंड में सीहोर की ग्वालटोली और भोपाल की श्रीराम हनुमान कुंड टीम के बीच मुकाबला इतना करीबी रहा कि हर प्रयास के साथ हजारों दर्शकों की धड़कनें बढ़ती रहीं। अंत में महज एक पॉइंट का अंतर सीहोर के सपने और भोपाल की जीत के बीच फैसला बन गया।

ग्वालटोली ने जीता दिल, एक पॉइंट से रह गई खिताब से दूर

सीहोर की ग्वालटोली टीम ने पूरे आयोजन में स्थानीय युवाओं के साहस और जज्बे की मिसाल पेश की। पहली बार इतने बड़े मंच पर उतरी इस टीम ने अनुभवी टीमों के सामने जिस तरह चुनौती पेश की, उसने दर्शकों का दिल जीत लिया। तीसरे राउंड में ग्वालटोली की टीम खिताब के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन अंतिम गणना में वह भोपाल की टीम से एक पॉइंट पीछे रह गई। हार के बावजूद ग्वालटोली के गोविंदाओं के उत्साह में कमी नहीं दिखी। मैदान में मौजूद लोगों ने स्थानीय टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।

/img/507/1788787559671

51 फीट की ऊंचाई, छह मंजिला मानव पिरामिड और सांसें थाम देने वाला रोमांच

51 फीट की ऊंचाई पर लटकी मटकी तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था। गोविंदाओं ने एक-दूसरे के कंधों पर पैर रखते हुए पांच से छह मंजिला मानव पिरामिड तैयार किए। जैसे ही पिरामिड आसमान की ओर बढ़ता, हजारों निगाहें उसी पर टिक जातीं। संतुलन बिगड़ने पर पूरी टोली नीचे आती और फिर नए जोश के साथ दोबारा प्रयास शुरू होता। हर असफल प्रयास के बाद मैदान में तालियां और जयकारे गूंजते रहे। आखिरकार भोपाल की श्रीराम हनुमान कुंड टीम ने बेहतरीन संतुलन और सामूहिक तालमेल के साथ ऊंचाई हासिल की और मटकी फोड़कर खिताब अपने नाम कर लिया।

मटकी फूटी तो जयकारों से गूंज उठा पूरा बस स्टैंड

जैसे ही भोपाल की विजेता टीम ने 51 फीट की ऊंचाई पर मटकी फोड़ी, पूरा बस स्टैंड परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और हजारों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता गोविंदाओं का उत्साह बढ़ाया। विजेता टीम को एक लाख रुपये की नकद राशि और चमचमाती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें: घर से अलग होते हैं ऑफिस में गणपति स्थापना के नियम, बप्पा को विराजने से पहले जान लें ये बातें

सुनील लोधी के भजनों पर झूम उठा सीहोर

आयोजन स्थल को फूलों, आकर्षक झांकियों और विद्युत सज्जा से सजाकर भव्य मिनी वृंदावन का स्वरूप दिया गया था। मंच से ‘हनुमान अंश’ फिल्म के लोकप्रिय भजन ‘मैं तेरे ही सहारे हनुमान’ के गायक सुनील लोधी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी आवाज में गूंजते भजनों ने मटकी फोड़ के रोमांच को आध्यात्मिक रंग दे दिया। श्रद्धालु और युवा देर रात तक भजनों पर झूमते रहे। एक तरफ गोविंदाओं का साहस था तो दूसरी ओर भक्ति की स्वर लहरियां—पूरे आयोजन में आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

पंडित प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र

अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा और श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ा दिया। उन्हें देखने और आशीर्वाद लेने के लिए सीहोर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक वातावरण में संतों, धर्मप्रेमियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने जन्माष्टमी की इस रात को और विशेष बना दिया। पंडित मोहित राम पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा सहित अनेक लोग आयोजन में उपस्थित रहे।

/img/507/1788787479971

विवेक राठौर और प्रिंस राठौर की अगुवाई में संभाली गई व्यवस्थाएं

मुख्य आयोजक एवं बजरंग दल के प्रांत टोली सदस्य विवेक राठौर तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अगुवाई में आयोजन की व्यवस्थाएं की गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। आयोजन समिति के कार्यकर्ता देर रात तक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। विशाल भीड़ के बावजूद कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

ये भी पढ़ें: दुबई AIM कांग्रेस-2026 में सीएम मोहन यादव ने निवेशकों को दिया न्योता, कहा- मप्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी

मटकी फूटने के बाद दीपों से जगमगाया परिसर

मटकी फूटने के बाद आयोजन समिति की ओर से दीपोत्सव भी मनाया गया। देखते ही देखते पूरा परिसर दीपों की कतारों से जगमगा उठा। आतिशबाजी, विद्युत सज्जा और दीपों की रोशनी ने ऐसा मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया, मानो जन्माष्टमी की रात में दीपावली भी उतर आई हो। श्रद्धालुओं ने इस खूबसूरत पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। विजेता टीम के साथ लोगों ने जमकर उत्साह साझा किया।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts