सीहोर में रफ्तार का कहर :दो बाइकों की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, 2 की हालत गंभीर

सीहोर के जमुनिया रोड पर दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दो बाइकों की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, 2 की हालत गंभीर
सीहोर में देर रात दर्दनाक हादसा

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शहर के मंडी थाना क्षेत्र स्थित जमुनिया रोड पर दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया गया।

हादसे में दो युवकों की मौत

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में सेमदाखेड़ी निवासी 30 वर्षीय इमरान और जमुनिया टैंक निवासी 20 वर्षीय रीतेश ठाकुर (पिता- लक्ष्मीनारायण ठाकुर) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे।

दो युवक गंभीर, भोपाल किया गया रेफर

दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार एक-एक अन्य युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी थी।

Featured News

टक्कर के बाद बाइकों के उड़े परखच्चे

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। उनके हिस्से सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

मंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Breaking News

इसी रात हुआ एक और सड़क हादसा

रविवार रात सीहोर में एक और गंभीर सड़क हादसा सामने आया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास स्थित रेक प्वाइंट के समीप नेहरू कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय विजेंद्र शर्मा को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनके शरीर का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

(Edited By- Manisha Dhanwani)

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts