
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन है। यात्रा गुरुवार सुबह 7 बजे कन्याकुमारी के अगस्तीस्वरम से शुरू हो गई है, यह यात्रा नगरकोइल तक होगी। पार्टी इस यात्रा को व्यापक जनसंपर्क अभियान बता रही है और पार्टी नेताओं का मानना है कि इससे संगठन को संजीवनी मिलेगी। इस दौरान राहुल कई जगहों पर महिला एक्टिविस्ट और दलित एक्टिविस्ट से भी संवाद करेंगे।
12 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा
बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने 3,570 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। प्रेम और भाईचारे को फैलाने के मकसद से कांग्रेस ने इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो यात्रा रखा है। इस यात्रा में हर दिन 25 किलोमीटर की पदयात्रा होगी और 150 दिन में 3570 किलोमीटर का सफर तय करके कन्याकुमारी से कश्मीर पहुंचा जाएगा। यह यात्रा देश के 12 राज्यों से होकर गुजरेगी।
राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला
कन्याकुमारी (तमिलनाडु) में बोलते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुझे तमिलनाडु आकर बहुत खुशी होती है। मुझे भारत जोड़ो यात्रा यहां से शुरू करते हुए बहुत बेहद खुशी है। आजादी के इतने साल बाद भी सिर्फ कांग्रेस ही नहीं भारत के करोड़ों लोग भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत जगह से यात्रा शुरू करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। राष्ट्रीय ध्वज इस देश में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के धर्म और भाषा का प्रतिनिधित्व करता है। भाजपा और आरएसएस सोचते हैं कि यह झंडा उनकी निजी संपत्ति है।
ED और CBI से विपक्ष नहीं डरने वाला : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने ईडी की पूछताछ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें (भाजपा) लगता है कि ED, CBI, आयकर विभाग से वे विपक्ष को डरा सकते हैं। चाहे कितने भी घंटों तक पूछताछ की जाए, विपक्ष का एक भी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है। भाजपा को लगता है कि वे इस देश को धार्मिक आधार पर, भाषा के आधार पर बांट सकते हैं।
असम सीएम ने कहा- पाकिस्तान में जाकर यात्रा करो
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस की यह यात्रा सदी की सबसे बड़ी कॉमेडी है। कांग्रेस को पाकिस्तान में यात्रा करनी चाहिए, जिससे लोगों को एक ऐसा भारत मिले जो विभाजन से पहले अविभाजित था। राहुल गांधी को यह सब छोड़कर अखंड भारत के लिए काम करना चाहिए।
पूरा देश यात्रा को लेकर उत्सुक है: सीएम गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी की तरफदारी की। पूरा देश इस यात्रा को लेकर उत्सुक है। देश में सामाजिक ताना-बाना कैसे मजबूत हो, जाति एवं धर्म के नाम पर चल रहे ध्रुवीकरण को कैसे मिटाएं और आपस में प्यार रहे, यह संदेश लेकर राहुल जी इस यात्रा पर निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल के फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। देश के समक्ष चुनौतियों से निपटने में भी आसानी होगी।

पिता के स्मारक पर पुष्प अर्पित किए
राहुल गांधी बुधवार सुबह श्रीपेरंबुदुर में पिता राजीव गांधी के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां राहुल ने कहा कि नफरत की वजह से मैंने पिता खोया, लेकिन अब देश नहीं खो सकता हूं। राहुल करीब डेढ़ घंटे तक श्रीपेरंबुदुर में रहे। गौरतलब है कि तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदुर में तीन दशक पहले एक चुनावी रैली के दौरान आत्मघाती हमला कर राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू : राहुल गांधी ने भाजपा पर बोला हमला; कहा- ED और CBI से डरने वाला नहीं है विपक्ष
कांग्रेस ने बताए यात्रा के सिद्धांत
- धर्मनिरपेक्ष भावना के लिए देश के लोगों को जोड़ना।
- करोड़ों भारतीयों की आवाज को बुलंद करना।
- देश मौजूदा वक्त में जिन समस्याओं से जूझ रहा है, इसके बारे में जनता से बात करना।
ये भी पढ़ें- गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का राहुल गांधी पर तंज, बोले- कांग्रेस जोड़ो अभियान शुरू करना चाहिए
सोनिया गांधी ने जारी किया संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए एक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि मैं इसमें पूरी भावना के साथ भाग लूंगी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे संगठन में फिर से एक नई ऊर्जा का संचार होगा।’ गौरतलब है कि सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए विदेश में हैं। हाल ही में उनकी मां की मौत हुई है।