Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सागर : प्रेमिका के घर गए युवक को जिंदा जलाया, हुई मौत, युवती अस्पताल में भर्ती

सागर। जिले के नरयावली में प्रेमी युवक और युवती को जिंदा जलाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक की मौत हो गई और युवती की हालत गंभीर है। वह 50 फीसदी झुलसी है। मृतक के परिजनों ने युवती के परिवारवालों पर जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का लगता है जांच के बाद सही जानकारी सामने आएगी। घटना के विरोध में मृतक के परिजन और यादव समाज के लोग बीना-सागर मार्ग पर जाम लगाकर बैठ गए। परिवार की मांग है कि आरोपियों का मकान गिराकर सख्त कार्रवाई की जाए। जानकारी के अनुसार सेमरा लेहरिया निवासी राहुल यादव (25) गुरुवार देर रात गांव की ही युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। रात डेढ़ बजे के आसपास राहुल के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके परिजन वहां पहुंचे तो देखा कि वह जला हुआ पड़ा था, साथ में उसकी प्रेमिका भी थी। परिजनों ने डायल-100 इसकी सूचना दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में एडमिट कराया। वहां इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। राहुल के परिजनों का कहना है कि वह परिवार का इकलौता बेटा और कमाने वाला था, उसकी तीन बहनें हैं। वह गुरुवार को गांव आया था उसी रात यह घटना हुई। राहुल के चाचा ने आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने राहुल को जिंदा जला कर मार डाला। युवती की बुआ के बेटे ने का कहना है कि राहुल ने घर आकर बहन और खुद को आग लगाई है। मृतक के चाचा उमाशंकर यादव ने बताया कि राहुल ने उन्हें बताया था कि वो (प्रेमिका) बार-बार फोन लगाकर मिलने के लिए बुला रही है। गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे गांववालों ने बताया कि राहुल के चिल्लाने की आवाज आ रही है। भाई के साथ जाकर देखा तो राहुल आग में झुलसा पड़ा था। वो चिल्ला रहा था - चाचा मुझे बचा लो। उमाशंकर ने कहा कि मरने से पहले राहुल ने बताया था कि वह लड़की से मिलने से गया तो उसके परिवारवालों ने पकड़ लिया और हाथ-मुंह बांधकर मारपीट की। साथ ही पेट्रोल डालकर आग लगा दी, उसे छत से नीचे फेंक दिया। मृतक के एक अन्य चाचा प्रकाश यादव ने कहा कि राहुल के साथ एक साल पहले भी लड़की के परिवारवालों ने मारपीट की थी। उस समय राहुल को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस से जानकारी मिली है कि युवक को जलाने के मामले में युवती के ताऊ, पिता समेत चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts