सागर की बेबस नदी में दर्दनाक हादसा, गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने दोस्तों के साथ बेबस नदी घूमने और नहाने गए थे। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से दोनों परिवारों में मातम छा गया है।
दोस्तों के साथ साइकिल से नदी पहुंचे थे किशोर
जानकारी के अनुसार, बंडा नगर के वार्ड क्रमांक 10 में रहने वाले चार दोस्त शुक्रवार को साइकिल से चौका गांव के पास स्थित बेबस नदी पहुंचे थे। सभी नदी में नहाने लगे। इसी दौरान पीयूष रैकवार और कृष्णकांत उर्फ कान्हा जोगी गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों डूबने लगे। यह देखकर उनके साथ आए दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बंडा थाना प्रभारी आनंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। कम उम्र में दो किशोरों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
परिवारों में पसरा मातम
मृतकों की पहचान 14 वर्षीय पीयूष रैकवार, पिता राजकुमार रैकवार, निवासी सिविल लाइन बंडा और 15 वर्षीय कृष्णकांत उर्फ कान्हा जोगी, पिता गुलाब जोगी, निवासी जुगयाना मोहल्ला, बंडा के रूप में हुई है। दोनों बंडा नगर के वार्ड क्रमांक 10 के निवासी थे। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




















