न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कलेक्टर से पूछा- फायदे बताएंगे या नुकसान भी?

रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। 
न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कलेक्टर से पूछा- फायदे बताएंगे या नुकसान भी?

रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन की समझाइश के बाद भी ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। शुक्रवार को कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी परियोजना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों ने परियोजना के फायदे गिनाने के साथ उसके संभावित नुकसान के बारे में भी जानकारी मांगी। ग्रामीणों का साफ कहना है कि उनकी सेहत, सुरक्षा और भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब मिले बिना वे इस परियोजना को स्वीकार नहीं करेंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूछे सवाल

प्रस्तावित परमाणु बिजली संयंत्र को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी चिंताएं रखीं। उनका सवाल था कि परियोजना से होने वाले फायदे तो बताए जा रहे हैं, लेकिन संभावित नुकसान और खतरों के बारे में स्पष्ट जानकारी कौन देगा? ग्रामीणों ने कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों की आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

रेडिएशन और स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता

रोझौही और आसपास के गांवों के लोगों ने न्यूक्लियर पावर प्लांट से संभावित रेडिएशन, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव, पर्यावरण की सुरक्षा और विस्थापन जैसे मुद्दे उठाए। ग्रामीणों की मांग है कि इन सभी विषयों पर उन्हें स्पष्ट जानकारी और ठोस आश्वासन दिया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि जनता की सहमति और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने परियोजना का विरोध करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र में न्यूक्लियर पावर प्लांट की स्थापना नहीं चाहते।

बोरहोल स्टडी रोकने और परियोजना दूसरी जगह ले जाने की मांग

ग्रामीणों का विरोध केवल पावर प्लांट के निर्माण तक सीमित नहीं है। वे परियोजना से जुड़ी शुरुआती प्रक्रिया यानी बोरहोल स्टडी का भी विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि इस प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और प्रस्तावित परियोजना को रोझौही से दूसरी जगह स्थानांतरित करने पर विचार किया जाए।

कलेक्टर ने किया ग्रामीणों से संवाद

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के साथ एसडीएम सिरमौर सृष्टि जायसवाल, तहसीलदार बिंदु तिवारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। बातचीत के बावजूद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच मतभेद बने हुए हैं।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts