ग्वालियरताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

प्रदेश बीजेपी संगठन में चुनावी फेरबदल, पूर्व मंत्री को बनाया उपाध्यक्ष, प्रदेश मीडिया प्रभारी भी बदले

भोपाल। प्रदेश में 2023 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी संगठन में बदलाव किया गया है। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर को अब प्रदेश संगठन में मंत्री बनाया गया है। ग्वालियर के आशीष अग्रवाल अब प्रदेश बीजेपी के नए मीडिया प्रभारी होंगे। अग्रवाल इससे पहले प्रदेश संगठन में प्रवक्ता का पद संभाल रहे थे।

प्रदेश संगठन ने पूर्व राज्यमंत्री ललिता यादव को प्रदेश संगठन में उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्ति किया है। प्रदेश बीजेपी द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रदेश  सतना महापौर योगेश ताम्रकार को उपाध्यक्ष पद के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। प्रदेश बीजेपी महामंत्री भगवान दास सबनानी ने इस बदलाव के संबंध में औपचारिक आदेश आज जारी कर दिया।

चुनाव के चलते बदले दायित्व

संगठन में हुए इस फेरबदल को आने वाले चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। मीडिया प्रभारी रहे लोकेंद्र पाराशर ग्वालियर जिले की भितरवार विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसके साथ ही छतरपुर से 2008 और 2013 में चुनाव जीतकर राज्यमंत्री बनने वाली ललिता यादव इसी सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में ललिता यादव को छतरपुर के बजाय बड़ामलहरा सीट से टिकट दिया गया था, जहां से वे चुनाव हार गई थीं।

विगत 24 अप्रैल को प्रदेश उपाध्यक्ष रहे योगेश ताम्रकार ने सतना सीट से महापौर चुने जाने के बाद उपाध्यक्ष पद से मुक्त करने की मांग पत्र के जरिए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष से की थी। उनकी इस मांग को भी मान लिया गया है। प्रदेश बीजेपी संगठन में होने वाले इस बदलाव को लेकर लंबे समय से अटकलों का दौर जारी था। गौरतलब है कि प्रदेश बीजेपी के एक अन्य प्रवक्ता भी भोपाल जिले की एक सीट से विधनसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें – ब्यूटीशियन की हत्या कर बारात ले जाने की तैयारी कर रहा था कातिल, निकाह से पहले ही चढ़ गया पुलिस के हत्थे, जानिए पूरी कहानी…

संबंधित खबरें...

Back to top button